गुरुग्राम में सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की डीप क्लिनिंग के लिए चलेगा विशेष अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मानसून से पहले सफाई व्यवस्था को किया जाएगा और मजबूत, जल निकासी मार्गों को रखा जाएगा पूरी तरह साफ

गुरुग्राम, 18 जून। मानसून सीजन को देखते हुए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहरभर में सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों की डीप क्लिनिंग (गहन सफाई) के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत सड़कों, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथों, बस क्यू शेल्टरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जमा मिट्टी, मलबा, प्लास्टिक वेस्ट, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों की व्यापक स्तर पर सफाई की जाएगी।

इस संबंध में वीरवार को नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों के साथ आयोजित एक वर्चुअल समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, मानसून तैयारियों तथा जल निकासी प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

निर्बाध जलनिकासी पर रहेगा विशेष फोकस

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों, गलियों, नालियों, ड्रेनों एवं अन्य जल निकासी मार्गों को पूरी तरह साफ रखा जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बाधित न हो और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और बस क्यू शेल्टर भी होंगे स्वच्छ

अभियान के तहत केवल सड़कों की ही नहीं बल्कि उनके आसपास स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों, फुटपाथों, डिवाइडरों, बस क्यू शेल्टरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की भी विशेष सफाई की जाएगी। निगम प्रशासन का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाना है ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

संयुक्त आयुक्त करेंगे नियमित निरीक्षण

निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जोन क्षेत्रों में नियमित दौरा कर सफाई कार्यों की निगरानी करें। प्रत्येक जोन में अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्य किए जाएं।

जीएमडीए के साथ रहेगा बेहतर समन्वय

अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर निगम गुरुग्राम और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। जिन सड़कों एवं क्षेत्रों में दोनों एजेंसियों की जिम्मेदारी है, वहां संयुक्त रूप से कार्य करते हुए सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।

स्वच्छ और जलभराव मुक्त गुरुग्राम प्राथमिकता : प्रदीप दहिया

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि मानसून से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि डीप क्लिनिंग अभियान के माध्यम से सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जाएगा तथा जल निकासी मार्गों को अवरोध मुक्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में नियमित निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम गुरुग्राम मानसून तैयारियों के तहत सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!