गुरुग्राम, 18 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने नियुक्त बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को आगामी आदेशों तक अपने निर्धारित स्टेशन नहीं छोड़ने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी तथा सीएमओ गुरुग्राम को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत बीएलओ द्वारा मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे में सभी बीएलओ अपने निर्धारित स्टेशन अथवा मुख्यालय पर उपस्थित रहकर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का नियमित निष्पादन सुनिश्चित करें। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विभाग से नियुक्त सभी बीएलओ तक इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा है कि बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने अथवा निर्वाचन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरे किए जा सकें।







