केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुग्राम में त्रिदिवसीय विकास प्रदर्शनी का एसडीएम हितेंद्र कुमार ने किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लघु सचिवालय में केंद्र एवं हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित

गुरुग्राम, 16 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लघु सचिवालय, गुरुग्राम में केंद्र तथा हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकासात्मक उपलब्धियों पर आधारित त्रिदिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ करने उपरांत एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक, वरिष्ठ नागरिक तथा वंचित वर्गों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं और लाखों लोग इनका लाभ प्राप्त कर अपने जीवन स्तर में सुधार ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से जुड़ सकें।

प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि योजना, खेलो इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, पूरक पोषाहार कार्यक्रम, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण), तथा यूपीआई कार्यक्रमों तथा हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं आधारभूत ढांचे के विकास, खेलों में उपलब्धियों, रोजगार सृजन तथा सुशासन के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।

डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने बताया कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में सरकार द्वारा पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण तरीके से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाना और उन्हें विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की आह्वान भी किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!