मानेसर के गांवों को 15 एमएलडी नहरी पानी मिलने से पेयजल समस्या में मिलेगी राहत
200 बेड के अस्पताल की मांग पर मुख्यमंत्री से दोबारा चर्चा करने का दिया भरोसा
गुरुग्राम, 15 नवंबर- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जीएमडीए की मास्टर लाइन से 15 एमएलडी नहरी पानी की आपूर्ति को मंजूरी मिलना मानेसर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे बास कुशला, बास हरिया, धाना, कासन और खोह सहित क्षेत्र के गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और भूजल पर निर्भरता कम होगी।
आरती सिंह राव रविवार को आईएमटी मानेसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने युवाओं और क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करवाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने मानेसर में एसटीपी प्लांट स्थापित किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे जोहड़ों में जाने वाला गंदा पानी शोधित होकर दोबारा जोहड़ों में पहुंच रहा है।
इस अवसर पर विधायक बिमला चौधरी ने मानेसर क्षेत्र के गांवों में नहरी पानी की आपूर्ति को मंजूरी मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लंबे समय से यह मुद्दा सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा था। उन्होंने क्षेत्र में 200 बेड के अस्पताल की मांग भी रखी। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर पहले भी चर्चा हो चुकी है और वह चंडीगढ़ जाकर दोबारा इस मुद्दे को उठाएंगी।
कार्यक्रम में मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, जिलाध्यक्ष अजीत यादव, मंडल अध्यक्ष मनोज यादव, मास्टर बलबीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








