दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार नहीं, बल्कि समाजसेवा भी : आरती राव
बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करने की अपील, नकली दवाओं पर होगी सख्त कार्रवाई
दवा विक्रेताओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान, नशे के खिलाफ अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील

गुरुग्राम, 15 नवंबर- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। जब कोई दवा विक्रेता किसी जरूरतमंद को सही दवा उपलब्ध करवाता है, तो वह किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के साथ एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रखने में भी योगदान देता है। इसलिए दवा विक्रेताओं को अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रविवार को गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय औषधि सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। ‘सुरक्षित दवाएं, नशामुक्त समाज’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन गुरुग्राम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन तथा हरियाणा ड्रग डीलर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, कोसली के विधायक अनिल यादव और बावल के विधायक कृष्ण कुमार ने भी शिरकत की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार देश और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं, लेकिन नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ पूरे परिवार को तोड़ देती है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दवा विक्रेताओं से अपील की कि बिना वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करें और दवाओं की खरीद-बिक्री में निर्धारित नियमों का पूरी सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नकली दवाओं, फर्जी इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मेडिकल दवाओं के गलत इस्तेमाल और अवैध बिक्री की रोकथाम भी जरूरी है। नकली दवाओं के कारोबार तथा दवा क्षेत्र में भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से दवाओं के वितरण में निर्धारित नियमों का पालन करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने दवा विक्रेताओं से तीन महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला, कोई भी दवा विक्रेता नियमों के विरुद्ध दवाओं की बिक्री नहीं करेगा। दूसरा, अपने प्रतिष्ठान पर उपलब्ध जागरूकता सामग्री और पोस्टर के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा सुरक्षित दवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक करेगा। तीसरा, नशामुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल आयोजनों और औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे पूरी ईमानदारी के साथ धरातल पर लागू करना होगा। हमारा उद्देश्य ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां युवाओं को नशे के बजाय रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर मिलें तथा प्रत्येक नागरिक स्वस्थ जीवन जी सके।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सेहत, परिवार की खुशियों और समाज की प्रगति को प्रभावित करती है। इसके लिए जरूरी है कि युवाओं को समय रहते जागरूक किया जाए और उन्हें शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से भी अपील की कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री को रोकने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि नुक्कड़ नाटकों, सामाजिक अभियानों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से हर घर तक पहुंचे। नशामुक्त समाज का निर्माण सरकार और प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प और स्वस्थ एवं सकारात्मक भविष्य की कामना के साथ स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के साथ गुब्बारे छोड़कर नशामुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नशे के दुरुपयोग, चिकित्सकीय दवाओं के गलत इस्तेमाल, नकली दवाओं की रोकथाम, दवा वितरण व्यवस्था में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा फार्मास्युटिकल ट्रेड में बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, गुरुग्राम के डिप्टी मेयर अनूप सिंह, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, हरियाणा के आयुक्त डॉ. मनोज यादव, स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता, एएसडीसी राकेश दहिया एवं करण सिंह गोदारा, हरियाणा स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार मनीष मित्तल, गुरुग्राम के सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र बिस्वाना सहित एफडीए के सभी एसडीसीओ एवं डीसीओ मौजूद रहे।








