छठ महापर्व पर नगर निगम गुरुग्राम की शानदार व्यवस्थाएं, स्वच्छ एवं रोशनी से जगमग घाटों पर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर के 24 छठ पूजा स्थलों पर सफाई, प्रकाश, पानी के टैंकर और अन्य जरूरी सुविधाओं के किए गए प्रबंध, श्रद्धालुओं को मिला सुविधाजनक एवं स्वच्छ वातावरण

गुरुग्राम, 15 नवंबर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। शहर के विभिन्न छठ पूजा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पानी के टैंकर, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं के प्रबंध किए गए। नगर निगम के इन प्रयासों से छठ पूजा स्थलों पर स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।

नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत शहर के 24 छठ पूजा स्थलों पर संबंधित जोन के अधिकारियों ने तैयारियों को पूरा कराया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना था।

छठ पूजा से पहले नगर निगम की सफाई टीमों ने घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। जल निकायों और पूजा स्थलों की सफाई के साथ जमा कचरा, मलबा और अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाई गई। पूजा के दौरान भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई। घाटों और आसपास के क्षेत्रों को रोशनी से जगमग किया गया, जिससे शाम और सुबह के समय पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी संयुक्त आयुक्तों और संबंधित फील्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ पूजा स्थलों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। इसका उद्देश्य पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देना था।

नगर निगम गुरुग्राम ने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। इस प्रकार के आयोजन में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की टीमों ने समन्वित प्रयास किए। नगर निगम गुरुग्राम का संदेश है कि स्वच्छता, बेहतर व्यवस्था और जनभागीदारी के साथ हर पर्व को सुंदर एवं यादगार बनाया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें