वर्षों से हर माह हो रहा आयोजन, जरूरतमंद कन्याओं को वस्त्र और शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराता है आश्रम
पिहोवा, 15 नवंबर (संजीव कुमारी)। शिवपुरी मार्ग स्थित श्री गोविंदानंद ठाकुरद्वारा आश्रम में मासिक कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरि जी महाराज के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से श्रीमहंत बंशी पुरी महाराज और आश्रम की महंत सर्वेश्वरी गिरि महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
आश्रम में पिछले कई वर्षों से हर माह नियमित रूप से सैकड़ों कन्याओं का पूजन कर भंडारा आयोजित किया जाता है। इसके साथ ही जरूरतमंद कन्याओं को मौसम के अनुरूप वस्त्र, जूते-चप्पल, पुस्तकें और अन्य शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर सहायता की जाती है।
कन्या पूजन में श्रीमहंत बंशी पुरी महाराज और महंत सर्वेश्वरी गिरि महाराज के साथ मुख्य यजमान पटियाला से सचिन तायल, सिनोर से मनीष जिंदल रिंकू, लुधियाना से राजेंद्र गोयल तथा करनाल से सुनील मित्तल ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और संतों का आशीर्वाद लिया।
श्रीमहंत बंशी पुरी महाराज ने कार्तिक मास में भगवान विष्णु की आराधना, धार्मिक अनुष्ठानों और गोसेवा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास में पूजा-अर्चना और गोमाता की सेवा से जन्मकुंडली के दोषों का निवारण होता है।
उन्होंने बताया कि आश्रम में हर वर्ष की भांति इस बार भी कार्तिक मास के दौरान श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महंत सर्वेश्वरी गिरि महाराज श्रद्धालुओं को कथा और कार्तिक माहात्म्य सुना रही हैं। आश्रम में 20 नवंबर को तुलसी विवाह होगा, जिसके मुख्य यजमान पिहोवा नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणी एवं उनका परिवार होंगे। कथा का समापन यज्ञ 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर षड्दर्शन साधु समाज के संगठन सचिव वैद्य पंडित प्रमोद कौशिक, बारू राम बंसल, गुलशन परवंदा और लव छाबड़ा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।








