खड़गे से मुलाकात में महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा
चंडीगढ़, 16 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट कर हरियाणा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष को प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बढ़ रहे जन असंतोष की जानकारी दी। उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के उत्साह तथा आगामी राजनीतिक रणनीति के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने प्रदेश में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं और मतदाता जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति, बढ़ते अपराधों तथा आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर उत्पन्न चिंताओं पर भी चर्चा की गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस प्रदेश में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए एक मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
इस अवसर पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।









