मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक का नाम दर्ज हो: निशित कटारिया
युवा कांग्रेस ने शुरू किया ‘चलो वार्ड-चलो पंचायत’ अभियान
गुरुग्राम, 12 जून। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में शुक्रवार को गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत ‘चलो वार्ड-चलो पंचायत’ अभियान के अंतर्गत एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, शुद्धिकरण तथा गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में मतदाताओं को बताया गया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इस उद्देश्य से सभी मतदाताओं से निर्धारित समय पर गणना फॉर्म भरकर जमा कराने का आह्वान किया गया। अभियान के तहत फिलहाल विधानसभा क्षेत्र के चार बूथों पर लोगों को जागरूक किया गया है।
बैठक में सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं को सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
निशित कटारिया ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 जून से प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म भरकर जमा करवाना होगा। पार्टी द्वारा नियुक्त किए जा रहे बीएलए-2 यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके बूथ क्षेत्र का कोई भी मतदाता फॉर्म भरने से वंचित न रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने और फॉर्म भरवाने में सहयोग करने का आह्वान किया। कटारिया ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें दर्ज रहना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए।
बैठक में मुख्य रूप से मोहित तंवर, विक्रम कटारिया, कृष्ण कुमार, दशमेश सिंह और दीपक कुमार उपस्थित रहे।








