प्रबुद्धजनों के सुझावों से और मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प : राव इंद्रजीत सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 12 जून। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजनों, विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सुझावों और अनुभवों से देश के विकास को नई दिशा और गति मिलती है।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रीमियर गार्डन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था स्थापित की है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

सम्मेलन में उद्योग, शिक्षा, खेल, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित प्रबुद्धजनों से विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुधारों और विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव भी आमंत्रित किए।

चर्चा के दौरान उपस्थित बुद्धिजीवियों ने देश में आधारभूत ढांचे के अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल क्रांति, कर प्रणाली में सुधार तथा जीएसटी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कौशल विकास तथा नागरिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा देशवासियों के सहयोग से भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती के साथ अपनी पहचान स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि खेत्रपाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

एक पेड़ मां के नाम अभियान में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का किया आह्वान

केंद्रीय मंत्री ने महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्क परिसर में स्थापित एक वाटर कूलर भी जनमानस को समर्पित किया और कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की सुविधाएं आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करती हैं। इस दौरान गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, भाजपा नेता मनीष यादव, नारायण सिंह, रविंद्र जैन, मानेसर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, डीएचबीवीएन से कार्यकारी अभियंता कुलदीप नेहरा उपस्थित रहे।

स्वस्थ भारत के निर्माण में जनभागीदारी और नियमित स्वास्थ्य जांच की महत्वपूर्ण भूमिका : राव इंद्रजीत सिंह

इसके उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों को दी जा रही परामर्श एवं जांच सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे नागरिकों तथा स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले युवाओं से संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से अनेक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है, जिससे प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आकर रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्र, आयुष सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने जैसे प्रयासों से देश के करोड़ों नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मेयर राजरानी मल्होत्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज गर्ग, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!