केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित : राव इंद्रजीत सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 25 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए, 58 करोड़ जनधन खाते खोले गए

गुरुग्राम में मेट्रो, एक्सप्रेसवे, दक्षिण हरियाणा में एम्स और सड़क परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश

विकास और सुशासन के दम पर भाजपा ने हरियाणा में रचा नया इतिहास : राव इंद्रजीत सिंह

गुरुग्राम, 12 जून। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के नए मानक स्थापित करने वाले रहे हैं। इन वर्षों में देश ने गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, वित्तीय समावेशन, आवास, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

शुक्रवार को गुरुग्राम में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भारतीय के जनसंपर्क अभियान के तहत जनता से सीधे संवाद किया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने सरकार की उपलब्धियों की सराहना भी की है और कुछ लंबित कार्यों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और जनता के बीच ऐसा संवाद होना आवश्यक है। इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश को खाद्यान्न के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, जबकि आज भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार वर्तमान में 81 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि बहुआयामी गरीबी सूचकांक (मल्टीडायमेंशनल पॉवर्टी इंडेक्स) के आधार पर पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। यह दुनिया में गरीबी उन्मूलन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे लाखों परिवारों को पक्की छत का सपना साकार हुआ है।उन्होंने कहा कि जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और पारदर्शिता बढ़ी है।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लगभग 16 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लगभग 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया गया है।

हरियाणा और विशेषकर दक्षिण हरियाणा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माजरा में दूसरे एम्स की स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा द्वारका एक्सप्रेसवे पर लगभग 9 हजार करोड़ रुपये, गुरुग्राम-सोहना मार्ग परियोजना पर लगभग 2 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि मानेसर क्षेत्र में एलिवेटेड सड़क परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुराने गुरुग्राम को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए गुरुग्राम मेट्रो परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रेलवे अवसंरचना और कनेक्टिविटी से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर भी बड़े स्तर पर निवेश किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ा है। हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया इतिहास रचा है और आने वाले समय में भी विकास एवं सुशासन की इसी गति को बनाए रखा जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!