घरेलू गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने बिगाड़ा आम जनता का बजट : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महंगाई, बेरोजगारी और कमजोर होती अर्थव्यवस्था पर केंद्र सरकार को घेरा

गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों से रसोई का बजट प्रभावित

कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से छोटे कारोबारियों पर बढ़ा बोझ

चंडीगढ़, 7 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हाल ही में हुई 29 रुपये की वृद्धि तथा कमर्शियल गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों ने आम परिवारों के घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगभग 90 रुपये की वृद्धि हुई है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब 1300 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके कारण होटल, रेस्तरां, ढाबा संचालकों और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ी है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने महंगाई को और अधिक बढ़ावा दिया है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसके चलते खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रही है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय ऐसे निर्णय ले रही है, जो लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय रुपया लगातार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रहा है, जिससे केंद्र सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महंगाई पर नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियां, बढ़ती बेरोजगारी और बेलगाम महंगाई ने गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर तथा छोटे व्यापारियों को गहरे आर्थिक संकट में धकेल दिया है। बढ़ती कीमतों और घटती क्रय शक्ति के कारण समाज का हर वर्ग आर्थिक दबाव महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों से उत्पन्न समस्याओं को समझ चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय सुनाने के लिए तैयार है। राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार से घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए करों में कटौती करने तथा महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी करती रही तो कांग्रेस पार्टी आम लोगों की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा के लिए अपना जनसंघर्ष और अधिक व्यापक तथा तेज करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!