हिसार मामले में त्वरित कार्रवाई पर पंजाबी बिरादरी महासंगठन ने जताया आभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समाज की अस्मिता पर चोट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम, 7 जून 2026। पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम ने हिसार में पंजाबी समाज के खिलाफ की गई अभद्र, अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणी के मामले में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए हरियाणा सरकार, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा हिसार पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

महासंगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दो दिन पूर्व संगठन ने इस घटना के विरोध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी। समाज की भावनाओं और अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले इस गंभीर मामले पर हिसार प्रशासन ने जिस तत्परता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है, वह सराहनीय है। इस कार्रवाई से कानून व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

महासंगठन ने कहा कि पंजाबी समाज ने हमेशा देश और प्रदेश के विकास, सामाजिक समरसता तथा भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में समाज के लोगों को “पाकिस्तानी” या “शरणार्थी” कहकर संबोधित करना न केवल उनकी देशभक्ति पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि उनकी अस्मिता का भी अपमान है। इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और नफरत फैलाने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

संगठन ने हरियाणा सरकार से मांग की कि ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर अदालत में भी सख्त पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी जाति, समुदाय या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके।

पंजाबी बिरादरी महासंगठन ने पुनः दोहराया कि वह प्रदेश में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा समाज में सौहार्द बिगाड़ने वाली शक्तियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!