नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनटीए भंग करने और खाली पदों पर स्थायी भर्ती की उठी मांग

गुड़गांव, 7 जून। नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के सामने खड़े गंभीर संकटों के खिलाफ रविवार को बाबा प्रकाश पुरी चौक पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (एआईडीवाईओ) के बैनर तले युवा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संगठन के प्रांतीय संयोजक बलवान सिंह और राजेश गोस्वामी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद युवाओं को परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार उपलब्ध कराने और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।

संगठन के वरिष्ठ सदस्य इम्तियाज तथा उपाध्यक्ष वजीर सिंह ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, सांप्रदायिकता, सामाजिक अन्याय और युवाओं के भविष्य पर मंडरा रहे खतरों के खिलाफ व्यापक युवा एकता और संघर्ष की आवश्यकता है। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ साथी कृष्णपाल कश्यप की विशेष उपस्थिति रही।

वक्ताओं ने मांग की कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, रोजगार के अधिकार को मौलिक अधिकार घोषित किया जाए तथा सभी सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर तत्काल स्थायी भर्ती की जाए। साथ ही पेपर लीक और भर्ती घोटालों के दोषियों को कड़ी एवं उदाहरणात्मक सजा देने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान बलवान सिंह की अपील पर राहुल, मुकीम, रामेश्वर प्रसाद, रामलाल विश्वकर्मा, सलीम, अजब सिंह, बुलबुल, सुरेश दायमा, जागे, राजेंद्र प्रसाद, संजय प्रसाद, ऋषिपाल, मंगल, ओम प्रकाश, जगरूप, परमानंद, संतोष सिंह, भगवान दास कुशवाहा, कृष्ण कुमार, राम किशोर, लकी और प्यारेलाल सहित अनेक युवाओं ने मौके पर ही एआईडीवाईओ की सदस्यता ग्रहण की।

नवनियुक्त सदस्यों ने बेरोजगारी, सांप्रदायिकता, अपसंस्कृति, सामाजिक अन्याय, शोषण और जुल्म-अत्याचार के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने तथा लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन के उपाध्यक्ष वजीर सिंह ने सभी प्रतिभागियों, समर्थकों और नवसदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा संगठन को गांव-गांव और मोहल्लों तक मजबूत बनाकर अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ा जाएगा।

प्रदर्शन का समापन युवाओं की एकता, संघर्ष और संगठन निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!