योग, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का दिया संदेश, बड़ी संख्या में योग साधक रहे उपस्थित

गुरुग्राम, 6 जून 2026। प्रातःकालीन प्रभात वेला में योगगुरु जयप्रकाश गौतम के नेतृत्व में युवा योगा संगठन, कमला नेहरू पार्क, गुरुग्राम के योग साधकों ने संगठन के वरिष्ठ योग साधक एवं हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन गुरुग्राम के महासचिव बनवारी लाल शर्मा का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया।
इस अवसर पर बनवारी लाल शर्मा ने उपस्थित योग साधकों को संबोधित करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
योगगुरु जयप्रकाश गौतम ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि युवा योगा संगठन पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 6 बजे तक कमला नेहरू पार्क में नियमित योग एवं प्राणायाम का आयोजन करता है। इसके उपरांत संगीतमय भजन-गंगा तथा पार्क की दर्शन-परिक्रमा के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाता है।
संगठन के महासचिव आनंद नागपाल ने बताया कि संगठन की ओर से प्रत्येक रविवार को प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक श्री सिद्धेश्वर मंदिर में भजन कार्यक्रम तथा प्रत्येक मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित पांडुपोल हनुमान मंदिर में सायं 8 बजे से 10 बजे तक भजन संध्या का आयोजन निरंतर किया जाता है। उन्होंने कहा कि युवा योगा संगठन की टीम वर्षों से समर्पण, उत्साह और सेवा भावना के साथ इन धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रही है।
जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधक भाई-बहनों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से योगाचार्य जयप्रकाश गौतम, आनंद नागपाल, ब्रह्म प्रकाश, राजकुमार, अशोक कटारिया, महेश चंद्र, राकेश, बलजीत सिंह, मलखान सिंह यादव, बी.एल. शर्मा, बिट्टू, अंजू जायसवाल, कंचन, कविता संदूजा, अनीता, गुंजन, पुष्पा, प्रेम आंटी, सुदेश, निशु, प्रभा, लाडो सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।








