वरिष्ठ पत्रकार सुखबीर चौहान के निधन से पत्रकारिता जगत और समाज को अपूरणीय क्षति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 5 जून। गुरुग्राम के वरिष्ठ पत्रकार, दैनिक जागरण के पूर्व मुख्य संवाददाता, पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल के मीडिया सलाहकार तथा समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय एवं सम्मानित व्यक्तित्व सुखबीर चौहान के निधन से पत्रकारिता जगत, सामाजिक क्षेत्र और जनजीवन को गहरा आघात पहुंचा है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे सुखबीर चौहान ने शुक्रवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन से गुरुग्राम ने एक निर्भीक पत्रकार, संवेदनशील समाजसेवी और जनसरोकारों की मजबूत आवाज को खो दिया है।

सुखबीर चौहान ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया। दैनिक जागरण में मुख्य संवाददाता के रूप में उन्होंने आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी लेखनी में सत्य के प्रति प्रतिबद्धता, समाज के प्रति संवेदनशीलता और जनहित के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई देता था।

पत्रकारिता के साथ-साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी समान रूप से सक्रिय रहे। शिक्षा, जनजागरूकता, सामाजिक समरसता और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनका सरल, सौम्य और आत्मीय व्यक्तित्व उन्हें समाज के हर वर्ग के बीच लोकप्रिय बनाता था।

गुरुग्राम के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

प्रमुख समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुंवर अरिदमन सिंह बिल्लू ने कहा कि सुखबीर चौहान ने अपना संपूर्ण जीवन पत्रकारिता और समाजसेवा के उच्च आदर्शों को समर्पित किया। उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और सिद्धांतों से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

समाज की सशक्त आवाज का मौन हो जाना : उमेश अग्रवाल

गुरुग्राम के पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सुखबीर चौहान का संपूर्ण जीवन सत्यनिष्ठ पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उनका जाना केवल एक वरिष्ठ पत्रकार का निधन नहीं, बल्कि समाज की एक सशक्त और प्रभावशाली आवाज का मौन हो जाना है।

पिता के आदर्श सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे : राजन चौहान

सुखबीर चौहान के सुपुत्र, भाजपा गुरुग्राम के जिला मीडिया सह-प्रभारी एवं सीएम विंडो एमिनेंट सिटीजन राजन चौहान ने भावुक शब्दों में कहा कि उनके पिता ने सदैव संघर्षों का सामना सकारात्मक सोच के साथ करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी। आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, संस्कार और विचार हमेशा परिवार तथा समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उन्होंने बताया कि दिवंगत सुखबीर चौहान की तेहरवीं की रस्म 11 जून को आयोजित की जाएगी।

अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी पहुंचे

सुखबीर चौहान की अंत्येष्टि में गुरुग्राम के पूर्व मेयर विमल यादव, वरिष्ठ पत्रकार अशोक चौहान, अनिल आर्य, आदित्य राज, सुरेंद्र सिंह, एम.के. अरोड़ा, संजय यादव, उमेश गर्ग, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी यादराम जोया, जिला सचिव गंगा सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष प्रियव्रत कटारिया, भाजपा आरडब्ल्यूए प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विपिन यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, राजनीतिक प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुखबीर चौहान का निधन केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि पत्रकारिता के उन मूल्यों की क्षति है जो निष्पक्षता, जनसरोकार और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आधारित हैं। गुरुग्राम की पत्रकारिता और सामाजिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!