पंजाब विधानसभा अध्यक्ष संधवां से भी हुई महत्वपूर्ण चर्चा, 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में होगा सम्मेलन

चंडीगढ़, 4 जून। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र के उत्तर जोन-2 सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने हरियाणा और पंजाब के राज्यपालों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
बुधवार देर शाम हरियाणा लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की। हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाना, संसदीय परंपराओं को मजबूती प्रदान करना तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में लोकतंत्र की भूमिका पर सार्थक विमर्श को बढ़ावा देना है।

इसके उपरांत उन्होंने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सम्मेलन में सहभागिता के अलावा संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी नवाचारों और विभिन्न व्यवस्थागत विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। बैठक में लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने तथा विधानसभाओं के बेहतर संचालन को लेकर विचारों का आदान-प्रदान भी किया गया।
वीरवार को पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से भेंट कर उन्हें भी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। राज्यपाल कटारिया ने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पीठासीन अधिकारियों, विधायकों और विधान मंडलों के कार्य निर्वाहकों को नई दृष्टि, मार्गदर्शन तथा अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र का उत्तर जोन-2 सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी, विधायक और संसदीय विशेषज्ञ भाग लेंगे तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।








