चारों जोनों में जनप्रतिनिधियों, वार्ड कमेटी सदस्यों और नागरिकों की सहभागिता से चला सफाई अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश

गुरुग्राम, 4 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शुरू किए गए दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को शहर के चारों जोनों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निगम पार्षदों, वार्ड कमेटी सदस्यों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत जोन-1 के वार्ड-10, जोन-2 के वार्ड-32, जोन-3 के वार्ड-4 तथा जोन-4 के वार्ड-22 में विशेष सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान संबंधित निगम पार्षदों एवं संयुक्त आयुक्तों की उपस्थिति में वार्ड कमेटी सदस्यों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों की सफाई सुनिश्चित की गई। सफाई अभियान के दौरान सडक़ों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, खाली प्लॉटों, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों से कचरा हटाया गया। साथ ही झाडिय़ों की कटाई, मलबे के निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग करें। लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इसके साथ ही नागरिकों को स्रोत स्तर पर कचरे को अलग-अलग करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। लोगों से आग्रह किया गया कि वे गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक एवं सैनिटरी कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करके नगर निगम के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और हरित गुरुग्राम-निगमायुक्त
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियानों का उद्देश्य न केवल शहर को स्वच्छ बनाना है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और हरित गुरुग्राम के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तथा कचरे का उचित पृथक्करण करे, तो गुरुग्राम को देश के सबसे स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहरों में शामिल किया जा सकता है। निगमायुक्त ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और वार्ड कमेटी सदस्यों का अभियान में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आह्वान किया।









