मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने डा. अर्चना गुप्ता को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और नए दायित्व की शुभकामनाएं दी
डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ऊंचाइयों को छुएगी और हम सभी ध्वजवाहक के रूप में साथ खड़े हैं: नायब सैनी

चंडीगढ़, 03 जून। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पदग्रहण समारोह में विधिवत रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भी पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और भरोसा दिया कि उन्हें जो दायित्व मिला है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, सह प्रदेश प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के अलावा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सांसद सुभाष बराला, सांसद संजय भाटिया, सांसद कार्तिकेय शर्मा, सांसद रेखा शर्मा सहित मंत्रियों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को नए दायित्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ऊंचाइयों को छुएगी और हम सभी ध्वजवाहक के रूप में साथ खड़े हैं: नायब सैनी
डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचेगी: नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने डा. अर्चना गुप्ता को आशीर्वाद देकर भाजपा के झंडे को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने डा. अर्चना गुप्ता को नवदायित्व की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लो के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिला। नायब सैनी ने कहा कि पंजाब में कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देख साफ हो गया कि पंजाब में 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों के जोश को ठंडा कर दिया है। हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत और पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम से तीसरी बार प्रदेश में नॉन स्टॉप सरकार बनाई है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की परम्परा रही है राज्यसभा सांसद सुभाष बराला प्रदेश अध्यक्ष रहे उनके बाद यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को मिली। नायब सैनी ने कहा कि फिर उन्हें स्वयं संगठन का नेतृत्व करने का अवसर मिला और बाद में मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी को मजबूती प्रदान की। अब यह जिम्मेदारी डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शीर्ष नेतृत्व ने आज भाजपा का झंडा डा अर्चना गुप्ता के हाथ में दिया है। डा. अर्चना गुप्ता इस झंडे को लेकर आगे बढेंगी और हम सभी उनके पीछे खड़े हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगी।
नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त करने का जो संकल्प लिया है उसे आगे बढ़ाना है। सीएम सैनी ने कहा कि पीएम मोदी ने पानीपत की ऐतिहासिक भूमि से 23 जनवरी 2015 को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो रहे हैं। इस नारे ने लाखों बेटियों को जीवनदान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। बेटियां आकाश को छू रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि बेटियां निर्भर नहीं आत्मनिर्भर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में डा अर्चना गुप्ता को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बडी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री मोदी ने दी है। उन्होंने कहा कि यह एक पद नहीं, बल्कि काम करने की बड़ी जिम्मेदारी है। हम सभी मिलकर इस कारवां को मजबूत करते हुए डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ-साथ विकसित हरियाणा बनाने का काम करेंगे।

नायब सैनी ने कहा कि जनता का विश्वास लगातार पीएम मोदी की नीतियों पर बढ़ रहा है। उन्होंने हाल ही में हुए निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भयानक गर्मी में कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की और भाजपा को एकतरफा जीत दिलाने का काम किया, इसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां गरीब व्यक्ति को गरीबी से बाहर निकालने का काम कर रही है।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा। कोराना काल में दिक्कतें आईं और काम रूके। अब वैश्विक युद्ध के कारण भी समस्याएं पैदा हुई, लेकिन हम सभी ने मिलकर देश को और प्रदेश को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ऊंचाइयों को छुएगी और हम सभी एक ध्वजवाहक के रूप में साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा गांव-गांव, घर-घर और हर बूथ पर पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े-बड़े संघर्षों और कार्यकर्ताओं की तपस्या व बलिदान से आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। हमारे कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम हैं भाजपा लगातार भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. कमला वर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि डा. कमला वर्मा प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहीं और अब लंबे समय बाद यह जिम्मेदारी डा. अर्चना गुप्ता को मिली है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. गुप्ता एक कदम आगे बढ़ेंगी और पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के कदम आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी से लगातार काम करने की प्रेरणा मिलती है: डा. अर्चना गुप्ता
शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी: डा. अर्चना गुप्ता

भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा में कोई भी जिम्मेदारी छोटी या बड़ी नहीं होती। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक हर पद संगठन की मजबूती में समान रूप से महत्वपूर्ण है। यदि बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करता है तो वही मेहनत पार्टी को सत्ता तक पहुंचाती है और सत्तारूढ़ पार्टी के नेतृत्व को मजबूत बनाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां बूथ अध्यक्ष प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है, देश का गृहमंत्री बन सकता है और चाय बेचने वाले का बेटा प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचना संगठन की कार्यकर्ता आधारित संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी चाहे किसी भी स्तर की हो, यदि उसे समर्पण और ईमानदारी तथा निष्ठा से निभाया जाए तो संगठन व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मेरी इस यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के सभी पूर्व अध्यक्षों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री रहते हुए तीन-तीन जिम्मेदारियां निभाई। उनके चेहरे पर कभी थकान और शिकन नहीं देखी। मुख्यमंत्री लगातार कार्यकर्ताओं में उर्जा भरते रहे और तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाई। परिस्थिति कैसी भी लगातार काम करने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से प्रेरणा मिलती है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं तथा लगातार कार्यकर्ताओं की चिंता करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन ने जो भरोसा जताया है उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पद सीमित होते हैं और सभी को संगठनात्मक दायित्व मिल पाना संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास रहेगा कि प्रदेश के सभी 27 जिलों के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक महिला कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और मार्गदर्शन के बल पर वह इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी।
डा. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, सांसद कार्तिक शर्मा, रेखा शर्मा तथा संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मिले अनुभव तथा वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिन क्षेत्रों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली, वहां संगठन को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 90 विधानसभा में चुनाव जीतने की चुनोती हमारे कंधो पर है जिसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से इस लक्ष्य को पूरा करेंगी। उन्होंने अपने माता-पिता, पति अनिल गुप्ता तथा सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग के प्रति आभार जताया।
भाजपा के लिए शुभ साबित हुए मोहन लाल बड़ौली: डा. सतीश पूनिया
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने देश में सामाजिक परिवर्तन की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के कारण बेटियां न केवल सुरक्षित हुईं, बल्कि शिक्षा प्राप्त कर नेतृत्व की भूमिका तक पहुंचीं। डॉ. पूनिया ने कहा कि आज डॉ. अर्चना गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष बनना उसी परिवर्तन का परिणाम है।
डॉ. पूनिया ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान कई राजनीतिक विश्लेषकों और सर्वेक्षणों ने भाजपा के खिलाफ अनुमान लगाए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर भाजपा ने तीसरी बार सरकार बनी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली शुभ साबित हुए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि श्री बड़ौली ने संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने राजनीतिक धारणाओं को तोड़ते हुए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया। प्रतिकूल परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद लगातार तीसरी बार सरकार का गठन होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर भाजपा को अजेय बनाने का लक्ष्य है।
डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा आज 14 करोड़ से अधिक सदस्यों वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक हर कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डा. गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और भविष्य में भाजपा चौथी बार भी सरकार बनाने में सफल होगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की टीम भाजपा को और अधिक मजबूत बनाएगी: राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने डॉ. अर्चना गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय बाद हरियाणा भाजपा को महिला प्रदेश अध्यक्ष मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह निश्चित रूप से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बनी तीसरी बार की भाजपा सरकार सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और संगठन को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की टीम हरियाणा में भाजपा को और अधिक मजबूत बनाएगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी: सुरेंद्र नागर
भाजपा के सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों बाद हरियाणा भाजपा को महिला प्रदेश अध्यक्ष मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
संगठन के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच ही सच्चे कार्यकर्ता की पहचान: ओम प्रकाश धनखड़
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव भाजपा के लिए बसंत पर्व है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब हरियाणा प्रभारी थे तब उन्होंने कहा था कि मातृत्व ही नेतृत्व है। जो भी मां के गुणों को जीवन में ठीक से उतार लेता है वही नेता होता है।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन लोकतांत्रिक संगठन की सतत प्रक्रिया है, जिससे नए लोगों को अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं कहा कि पद मिले या न मिले, संगठन के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच बनाए रखना ही सच्चे कार्यकर्ता की पहचान है। उन्होंने डॉ. अर्चना गुप्ता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा : मोहन लाल बड़ौली
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने डा. अर्चना गुप्ता को नव दायित्व की बधाई दी और कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार की दृष्टि से हरियाणा आज अग्रणीय भूमिका में है। श्री बड़ौली ने कहा हर जगह नायब सरकार और संगठन की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर के मार्गदर्शन में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय के साथ प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।








