मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधि व समर्थक, कुलदीप बिश्नोई ने जताया आभार

आदमपुर, 3 जून। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जननायक स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को आदमपुर स्थित जन प्रेरणा स्थल पर श्रद्धा और सम्मान का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों लोगों ने चौधरी भजनलाल की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा परिसर श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव के माहौल से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह करीब 9 बजे आदमपुर पहुंचे और स्वर्गीय चौधरी भजनलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई , कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व विधायक रेनुका बिश्नोई, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, विधायक रणधीर पनिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों समर्थक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम पूरी तरह सादगीपूर्ण रखा गया और इसमें किसी प्रकार का भाषण या राजनीतिक संबोधन नहीं हुआ। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।
मुश्किल समय में साथ खड़े रहने वाले ही असली परिवार : कुलदीप बिश्नोई

कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में जो लोग साथ खड़े रहते हैं, वही वास्तव में अपने होते हैं। परिवार और समर्थकों का विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति है और इसी कारण कोई भी विपरीत परिस्थिति परिवार को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि विरोधियों की सबसे बड़ी चिंता भी यही है कि हर चुनौती के समय उनका परिवार और समर्थक वर्ग एकजुट होकर खड़ा रहता है।
उन्होंने कहा कि यह रिश्ता किसी राजनीतिक लाभ या स्वार्थ का नहीं, बल्कि वर्षों से चले आ रहे विश्वास, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है। सुख के समय साथ चलने वाले बहुत मिल जाते हैं, लेकिन जो कठिन समय में भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहें, वही सच्चे परिवार की पहचान होते हैं।
करोड़ों दिलों में जीवित हैं चौधरी भजनलाल

कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि चौधरी साहब आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवित हैं। लोगों का प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद परिवार की सबसे बड़ी धरोहर है।
उन्होंने कहा कि जन प्रेरणा स्थल पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति केवल समर्थन नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव और अटूट विश्वास का प्रतीक है। यही अपनापन परिवार को समाज और प्रदेश की सेवा के लिए नई ऊर्जा और संबल प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी का जताया विशेष आभार
कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद आदमपुर पहुंचकर स्वर्गीय चौधरी भजनलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम और विश्वास ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। चौधरी भजनलाल द्वारा स्थापित सेवा, सम्मान और अपनत्व की विरासत को परिवार पूरी निष्ठा, समर्पण और मजबूती के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।
उन्होंने कहा, “जनता का प्यार हमारी ताकत है, परिवार की एकता हमारी पहचान है और चौधरी साहब के संस्कार हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं।”









