चौ. भजन लाल की पुण्यतिथि पर आदमपुर में जुटेंगे हजारों समर्थक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3 जून को समाधि स्थल पर होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम, प्रदेशभर से पहुंचेगी राजनीतिक-सामाजिक हस्तियां

हिसार, 2 जून। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री, जननायक एवं विकास पुरुष स्वर्गीय चौ. भजन लाल की 15वीं पुण्यतिथि पर 3 जून को उनके कर्मक्षेत्र आदमपुर स्थित समाधि स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से समर्थक, कार्यकर्ता, शुभचिंतक और भजनलाल परिवार से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

युवा नेता भव्य बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम प्रातः 8 बजे से आरंभ होगा। आदमपुर और हिसार सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से हजारों लोग समाधि स्थल पर पहुंचकर स्व. चौधरी भजन लाल को श्रद्धापूर्वक नमन करेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी भजन लाल केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि जनसेवा, विकास और जनविश्वास की ऐसी मिसाल थे, जिन्होंने हरियाणा की राजनीति को नई दिशा दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में  पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, पूर्व विधायक रेनुका बिश्नोई, पूर्व विधायक दूड़ाराम, विधायक रणधीर पनिहार  सहित भजनलाल परिवार के सदस्य तथा प्रदेशभर से अनेक राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

भव्य बिश्नोई ने कहा कि चौधरी भजन लाल ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में हरियाणा में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित हुए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा प्रशासन को जनता के करीब लाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि चौधरी भजन लाल आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा का दृष्टिकोण आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य हरियाणा की प्रगति की कहानी में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेंगे।

भव्य बिश्नोई ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और चौधरी भजन लाल की विचारधारा में विश्वास रखने वाले सभी लोगों से 3 जून को आदमपुर पहुंचकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने और जननायक स्व. चौधरी भजन लाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!