मां भारती रक्त वाहिनी के रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली
चंडीगढ़, 31 मई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली रविवार को सोनीपत में आयोजित मां भारती रक्त वाहिनी के रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लेकर रक्तदान किया तथा मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रक्तदान करने वाले युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में रक्त की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और रक्तदान के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
श्री बड़ौली ने समाज के सभी वर्गों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
उन्होंने मां भारती रक्त वाहिनी द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम में भाजपा के सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, महामंडलेश्वर अंजनी माता, उमेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया तथा समाजहित में किए जा रहे इस अभियान की सराहना की।








