महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़कर भाजपा को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाना प्रमुख लक्ष्य: डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने संगठन विस्तार, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर पत्रकारों से खुलकर बातचीत की*

*मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पूरे जून माह चलेगा सेवा, संपर्क और जनजागरण अभियान: डा. अर्चना गुप्ता*

*कांग्रेस ने देश की आधी आबादी के अधिकारों पर डाका डाला: डा. अर्चना गुप्ता*

*मोदी और नायब सरकार महिलाओं और युवा खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है: डा. अर्चना गुप्ता*

*जिसका जो हक है उसे दिलाने में मोदी और नायब सैनी सरकार कभी पीछे नहीं हटती: डा. अर्चना गुप्ता*

चंडीगढ़, 31 मई। भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर भाजपा को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। रविवार को चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में डा. अर्चना गुप्ता ने संगठन विस्तार, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर पत्रकारों से विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्ष की पार्टियों पर निशाना साधा। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पर अड़ंगा लगाकर देश की आधी आबादी के अधिकारों पर डाका डालने का काम किया है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक महिला को हरियाणा भाजपा की कमान सौंपकर महिलाओं के प्रति अपने विश्वास और सम्मान को प्रदर्शित किया है, इसके लिए वह शीर्ष नेतृत्व की आभारी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन पहले से ही मजबूत है, लेकिन इसे और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच अधिक से अधिक महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने की है। पीएम मोदी की इसी सोच का परिणाम है कि देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 के चुनावों में बड़ी संख्या में महिलाएं चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

एक सवाल के जवाब में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को चुनाव लड़ने और नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए पहले संगठनात्मक अनुभव की आवश्यकता होती है। इसलिए भाजपा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ेगी और उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की ऐसी पार्टी है जहां महिलाएं सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में राजनीतिक रूप से आगे बढ़ सकती हैं।

युवाओं को लेकर डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति के क्षेत्र में एक लाख युवाओं को लाने की बात लाल किला की प्राचीर से कही थी। इसी कड़ी में भाजपा युवाओं को संगठन और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष और हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार के डेढ़ वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे जून माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र पर कार्य करती है और इसी भावना के साथ जनसेवा एवं जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश में प्रत्येक बूथ स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर लोगों से चर्चा करेंगे।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। भाजपा कार्यकर्ता इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसकी सरकारें अंत्योदय की भावना से कार्य करती हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रत्येक बूथ स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उनके राष्ट्र निर्माण और देश की अखंडता के लिए दिए गए योगदान को याद किया जाएगा।

एक सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को पास नहीं होने दिया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों पर डाका डाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी सरकार है जो महिलाओं के साथ खड़ी है चाहे वो महिला पक्ष की हो या विपक्ष की। उन्होंने कहा कि जिसका जो हक है उसे दिलाने में मोदी और नायब सैनी सरकार कभी पीछे नहीं हटती। कांग्रेस के पास भ्रामक प्रचार करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं होता।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी एक-एक खिलाड़ी से फोन पर बात करते हैं। अगर खिलाड़ी हार भी जाते हैं तो उनका उत्साहवर्धन करते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने दो खिलाड़ियों से काफी देर तक बात की। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिला और युवा खिलाड़ियों के साथ यदि कोई मजबूती से खड़ा है तो वह भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी हैं।

उन्होंने कहा कि नायब सरकार महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। लाडो लक्ष्मी योजना, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, हैप्पी कार्ड योजना तथा सार्वजनिक परिवहन के विस्तार जैसे कदम आम लोगों के जीवन को आसान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार किया जा रहा है और विकास की गति लगातार तेज हो रही है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन, सरकार और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से भाजपा हरियाणा में और अधिक मजबूत होगी तथा जनसेवा के अपने संकल्प को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!