“एक व्यक्ति – एक पौधा” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
गुरुग्राम। दा पावर ऑफ ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यालय, दयानन्द कॉलोनी, रेलवे रोड, गुरुग्राम में संस्था के सक्रिय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक फाउंडेशन के चेयरमैन श्री राजेश नेहरा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन एवं हरित भारत के निर्माण हेतु व्यापक जन-जागरण एवं वृक्षारोपण अभियान संचालित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन श्री नरेन्द्र (बॉबी) ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्ष प्रकृति द्वारा प्रदत्त अमूल्य निधि हैं। वे केवल प्राणवायु (ऑक्सीजन) ही प्रदान नहीं करते, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को नियमित करने, भू-क्षरण को रोकने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रकृति एवं मानवता के प्रति हमारी कृतज्ञता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के मध्य जाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएंगे तथा “एक व्यक्ति – एक पौधा” अभियान को जन-आन्दोलन का स्वरूप प्रदान करेंगे। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को कम-से-कम एक पौधा रोपित करने तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया जाएगा, जिससे भावी पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी कथावाचक पं. अमर चन्द भारद्वाज ने संस्कृत की सुप्रसिद्ध उक्ति “वृक्षाः रक्षन्ति रक्षिताः” का उल्लेख करते हुए कहा कि “जिन वृक्षों की हम रक्षा करते हैं, वही वृक्ष हमारी रक्षा करते हैं।” उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं सनातन परम्परा का मूल जीवन-दर्शन है। अतः प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण एवं वन संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष श्री के. एल. सारस्वत ने गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष श्री हर्ष सिंघल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण एवं सक्रियता के साथ वे फाउंडेशन की जनहितकारी गतिविधियों को समाज तक पहुँचा रहे हैं, उससे बड़ी संख्या में लोग संस्था से जुड़कर मानवाधिकार जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
बैठक में फाउंडेशन के चेयरमैन श्री राजेश नेहरा, वाइस चेयरमैन श्री नरेन्द्र (बॉबी), महासचिव स्वामी चन्द्रशेखर जी महाराज, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी कथावाचक पं. अमर चन्द भारद्वाज, हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष श्री के. एल. सारस्वत, पश्चिमी भारत के वाइस प्रेसिडेंट श्री अनिल बोरबाल (अक्की कपूर), दिल्ली महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती चेतना यादव, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष श्री हर्ष सिंघल, जिला सचिव श्री रामफूल (खाँड़सा), महिला प्रकोष्ठ की वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती शैफाली सक्सैना, पुणे (महाराष्ट्र) के वाइस प्रेसिडेंट श्री संजीव कुमार तिवारी, श्री अभिषेक कुमार, श्री सुनील नेहरा सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।








