निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को दिए निर्देश, 15 मई को होगी डोर-टू-डोर कचरा वाहनों की भौतिक जांच

गुरुग्राम, 13 मई। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बुधवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, समाधान शिविर शिकायों तथा शहर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि रिकॉर्ड के अनुसार शहर में डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित करने के लिए वर्तमान में 343 वाहन कार्यरत हैं। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि हाल ही में आयोजित नगर निगम सदन की सामान्य बैठक में सदन द्वारा इन वाहनों की वास्तविक संख्या की पुष्टि करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत निर्णय लिया गया कि 15 मई को सुबह 8 बजे सभी जोनों के वाहनों को निर्धारित स्थानों पर एकत्रित कर उनकी भौतिक जांच की जाएगी।
सार्वजनिक शौचालयों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश
बैठक में निगमायुक्त ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सार्वजनिक शौचालयों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा वहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
रोड स्वीपिंग मशीनों की होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग
स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों की ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मशीनों की कार्यप्रणाली और लोकेशन संबंधी जानकारी पब्लिक डोमेन में प्रदर्शित की जाए, जिससे नागरिक भी सफाई कार्यों की निगरानी कर सकें।
सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स और स्वच्छ हरियाणा अभियान की समीक्षा
बैठक में सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स की जोन वाइज समीक्षा भी की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जोन में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए टीमों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही नई सोच-नया शहर, स्वच्छ हरियाणा अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
समाधान शिविर शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि गुरुग्राम को स्वच्छ और बेहतर शहर बनाने के लक्ष्य को तेजी से पूरा किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका, रविन्द्र यादव, पूजा चांवरिया व डा. जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डा. नरेश कुमार, डा. प्रीतपाल सिंह व रविन्द्र मलिक व चीफ इंजीनियर विजय ढ़ाका सहित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक उपस्थित थे।








