भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित अभियान को मिल रहा कार्यकर्ताओं और जनता का समर्थन
गुरुग्राम, 12 मई। बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा 14 मई को पटौदी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा की शुरुआत खंडेवला मोड़, जाटौली स्थित पृथ्वीराज चौहान कम्युनिटी हॉल से होगी। इसके बाद यात्रा हेलीमंडी मेन मार्केट, पुरानी अनाज मंडी, श्रीराम चौक, पटौदी लघु सचिवालय और नोहटा बाजार से होते हुए खोड़ मोड़ पर संपन्न होगी।
पटौदी यात्रा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस भवन गुरुग्राम में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अरिदमन सिंह, महाराज सिंह, मुकेश डागर, उदयवीर पूनिया, पवन कुमार, सुखबीर तंवर, एडवोकेट अशोक टांक, जयभगवान पंवार, एडवोकेट सूबे सिंह यादव, राजकुमार, दीपक दहिया, सतीश खटकड़, कुलदीप और अनिल पंवार सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि यह सद्भाव यात्रा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यात्रा की शुरुआत पिछले वर्ष 5 अक्टूबर से हुई थी और इसे हर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर यात्रा में शामिल होकर इसे मजबूती दी है। वहीं, राहुल गांधी के यात्रा में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।









