डॉ. मनमोहन सिंह की दूरदृष्टि की प्रतीक परियोजना पर 13 वर्ष बाद भी देरी का आरोप, सरकार से निर्माण और संचालन की समयसीमा मांगी
पटौदी। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने बिनोला में प्रस्तावित भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की लंबित परियोजना को लेकर भाजपा सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा शिक्षा और सामरिक नीति को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस महत्वपूर्ण परियोजना का सपना 13 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी अधूरा है।
पटौदी कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पर्ल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता डॉ. मनमोहन सिंह को हमेशा आदर और सम्मान के साथ याद करती है। उन्होंने 23 मई 2013 को बिनोला में भारतीय राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी। यह केवल पटौदी और गुरुग्राम के विकास की परियोजना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का संस्थान स्थापित करने की दूरदर्शी पहल थी।
सरकार बताए, कब शुरू होगा विश्वविद्यालय?
पर्ल चौधरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जिस परियोजना की नींव रखी थी, भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार उसे अब तक साकार नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सवाल पर सामने आई संसदीय जानकारी के अनुसार भी परियोजना के मुख्य निर्माण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को लेकर गंभीर देरी बनी हुई है।
उन्होंने कहा, “यह पटौदी की जनता के साथ-साथ देश के युवाओं और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बिनोला की डिफेंस यूनिवर्सिटी का काम कब पूरा होगा और इसे कब पूरी तरह शुरू किया जाएगा?”
इस दौरान उन्होंने पिछले महीने जनरल अनिल चौहान के साथ हुई अपनी बातचीत का ब्योरा भी साझा किया।
निर्माण के लिए लोकतांत्रिक दबाव बनाएगी कांग्रेस
पर्ल चौधरी ने बताया कि पटौदी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के निर्माण और शीघ्र संचालन के लिए लगातार आवाज उठाने का संकल्प लिया है। कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से मौजूदा सरकार पर दबाव बनाए रखेंगे, ताकि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा सरकार परियोजना को पूरा करने में विफल रहती है, तो अगली कांग्रेस सरकार बनने पर इसे प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार बनने के पहले तीन वर्षों के भीतर इसके निर्माण और संचालन को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
हरियाणा से बाहर ले जाने का विरोध करेंगे
परियोजना को प्रदेश से बाहर स्थानांतरित किए जाने की आशंका जताते हुए पर्ल चौधरी ने कहा, “अगर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस राष्ट्रीय महत्व की परियोजना को हरियाणा से बाहर, विशेषकर गुजरात ले जाने का कोई सपना देख रहा है, तो पटौदी की जनता ऐसा कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने कहा कि बिनोला की जमीन पर प्रस्तावित यह संस्थान हरियाणा का अधिकार है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी और पटौदी हलके की जनता मजबूती से आवाज उठाएगी।
पर्ल चौधरी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने देशहित में जिस दूरदृष्टि के साथ इस संस्थान की नींव रखी थी, उसे पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।








