80 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को ओढ़ाई शॉल, अगस्त-सितंबर में जन्मे सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाया

गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम इकाई की ओर से शनिवार को सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर के प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने गीत, भजन और कविताएं प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा अगस्त और सितंबर में जन्मे सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाया गया।
स्वास्थ्य का ध्यान रखें, प्रसन्न रहें : धर्मसागर
कार्यक्रम की शुरुआत मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ की। सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रधान धर्मसागर ने स्वच्छता अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और जीवन में सदैव प्रसन्न रहने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि पंजाब केसरी समाचार पत्र की डायरेक्टर एवं संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा शर्मा के मार्गदर्शन में 30 सितंबर को दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक सदस्य अपना नाम मदनलाल डूडेजा के पास दर्ज कराएं, ताकि समुचित व्यवस्था की जा सके। दिल्ली जाने के लिए बस 30 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे आईडीसी स्थित कार्यालय से रवाना होगी।
भजनों और कविताओं से सजी महफिल
धर्मसागर ने ‘मैंने हर रोज जमाने को बदलते देखा है, उम्र के साथ जिंदगी का ढंग बदलते देखा है’ कविता सुनाई। मधु शर्मा ने ‘भगवान मेरा जीवन संसार के लिए है’ और जगदीश अरोड़ा ने ‘फूलों में सज रहे हैं मेरे वृंदावन बिहारी’ की प्रस्तुति दी।
एलडी बवेजा ने ‘किसके बिना क्या अच्छा नहीं लगता’ शीर्षक के अंतर्गत ‘बहना भाई के बिना, घर सफाई के बिना, घर तो सूना लागे बाप माई के बिना’ सुनाकर पारिवारिक रिश्तों का महत्व रेखांकित किया। मूर्ति देवी ने ‘कौन सपेरन आई है, मन भरकर बीन बजाई है’ तथा अंजला वधवा ने ‘ऐसी कृपा करो श्याम मेरे’ प्रस्तुत किया।
प्रेम मेहता ने ‘उठके तू प्रभु गुण गा, नाम बिच चोला रंग ले’ और लाजपत चांदना ने ‘राधा कहने लगी अपने घनश्याम से, तेरा मुरली बजाना गजब हो गया’ भजन सुनाए। एमआर कुमार ने ‘आज जिंदगी संभल गई, कल सबकुछ संभल जाएगा, आज जिंदगी न संभली तो कल सबकुछ बिगड़ जाएगा’ की प्रस्तुति के माध्यम से जीवन संवारने का संदेश दिया।
शॉल ओढ़ाकर किया वरिष्ठजनों का अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इनमें संस्था के प्रधान धर्मसागर, मंच संचालक डीएन कवातरा, एमआर कुमार, डॉ. निर्मल बिंद्रा, रमेश वशिष्ठ, एसके गाबा और एलडी बवेजा आदि शामिल रहे। अगस्त एवं सितंबर माह में जन्मे सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर चेतनदास ग्रोवर, हरीश सरदाना, शशि अरोड़ा, पुष्पलता, इंद्राणी शर्मा, एफसी चुघ, केबी शर्मा, एसएन आनंद, दीपचंद सौरोत, जगवती देवी, मनमोहन, एमपी दुबे, शिव कुमार, विनोद बजाज, सीएस आहूजा, प्रेम मेहता, निर्मल, संतोष, विमला मनचंदा, एसके खेड़ा, बीआर सचदेवा और विजय पाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।








