भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया सफाईकर्मियों की मांगों का समर्थन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा- पूरे हरियाणा में लगे कचरे के ढेर, गंभीर बीमारियों का खतरा

नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा स्पीकर की नोटिस का भी दिया जवाब

चंडीगढ़, 11 मई । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा स्पीकर द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब दे दिया है। नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मियों द्वारा जारी हड़ताल को तुरंत खत्म कराने के लिए सरकार को बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए। हुड्डा ने सफाई कर्मियों की मांगों का समर्थन किया और कहा है कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं, सरकार इन्हें मानकर हड़ताल खत्म करवाए।

हुड्डा ने कहा कि हड़ताल के कारण पूरे प्रदेश में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल हो गया है। हर जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, सड़कों और गलियों में कचरा बिखरा पड़ा है। जरा सी बारिश होने पर कोई भी खतरनाक बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके भाजपा आँखें बंद करके बैठी हुई है।

यह सिर्फ सफाई कर्मचारियों पर अत्याचार नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान 10000 ग्रामीण और 11000 शहरी सफाई कर्मियों की भर्ती गई थी। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी सरकार द्वारा नई भर्तियां करना तो दूर, उनकी मांगों तक का संज्ञान नहीं लिया।

हुड्डा ने कहा कि प्रदेशभर की मंडियों में किसान का पीला सोना (गेहूँ) भी बिखरा पड़ा हुआ है। गेहूँ की खरीद के लिए अभी तक पूर्ण व्यवस्था नहीं की गई है। उठान में देरी के चलते भुगतान में भी लगातार देरी हो रही है। हर बार की तरह इस बार भी सरकार के खरीद व भुगतान को लेकर किए गए तमाम दावों की पोल खुल गई है। ना तो यह सरकार समय पर पूरी खरीद कर पाई और न ही समय पर पेमेंट कर पाई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!