सैक्टर-45 गोलीकांड : पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दूसरा घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग, एक सिपाही भी घायल

गुरुग्राम, 11 मई। गुरुग्राम के सैक्टर-45 स्थित गांव कन्हई में घर के बाहर गोली चलाने की सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया था। रविवार को हथियार बरामदगी के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने के बाद हुई मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। इस दौरान गुरुग्राम पुलिस का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 की रात थाना सैक्टर-40 पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कन्हई, सैक्टर-45 में सौरभ नामक व्यक्ति के मकान के बाहर दो युवकों ने गोलीबारी की है। घटना के समय सुरक्षा में तैनात सिपाही कुलबीर भी गोली लगने से घायल हो गया था। उसकी शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। गोली सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर को छूती हुई निकली थी और उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

मामले की जांच में अपराध शाखा सैक्टर-40, सैक्टर-39 और सैक्टर-17 की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के तरनतारन जिले के गांव नौने निवासी गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (23) और जसपाल उर्फ बबल (28) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सौरभ की हत्या करने आए थे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, अन्य गिरफ्तार आरोपियों ने उन्हें मकान की रेकी करवाई थी तथा हथियार और वाहन उपलब्ध करवाए थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गुरशेर के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि जसपाल पर हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में अशोक उर्फ पहलवान, सुमित, मनोज काबर और विक्की को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

रविवार को पुलिस दोनों आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए बंधवाड़ी क्षेत्र में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने छिपाकर रखी गई तीन ग्लॉक पिस्तौल उठाकर पुलिस टीम पर 8 से 10 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरशेर और जसपाल घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरशेर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि जसपाल का उपचार जारी है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस सिपाही नवीन को भी गोली लगी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!