हरियाणा के शहरों में गंदगी से बीमारियों का खतरा, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर तुरंत समाधान निकाले सरकार : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम समेत कई शहरों में कचरे के ढेर, डेंगू-मलेरिया फैलने की आशंका जताई

चंडीगढ़, 11 मई। सिरसा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने गुरुग्राम सहित हरियाणा के विभिन्न शहरों में फैली गंदगी और चरमराई सफाई व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के कारण शहरों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और सरकार इस गंभीर स्थिति को लेकर बिल्कुल संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के अनेक शहरों में पिछले करीब 11 दिनों से सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर भारी मात्रा में कचरा जमा हो चुका है। इससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है और डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में सड़कों पर हजारों टन कचरा पड़ा होना सरकार और प्रशासन की विफलता को उजागर करता है। भारी टैक्स देने वाले नागरिकों को यदि साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध न हो सके तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

सांसद ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज करना उचित नहीं है। ठेका प्रथा, कर्मचारियों का नियमितीकरण, बकाया वेतन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद ही समाधान का रास्ता होता है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही।

कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार से मांग की कि वह तुरंत सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर समाधान निकाले ताकि आम जनता को राहत मिल सके और शहरों में सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य हो। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के अधिकारों और जनता के स्वास्थ्य दोनों के प्रति समान संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!