बरसात से पहले जलभराव रोकने के लिए व्यापक तैयारियां, इस बार आमजन को परेशानी नहीं होने देंगे : राव नरबीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम में 158 जलभराव बिंदुओं पर किया गया कार्य, एसपीआर रोड पर नई ड्रेन से पुराने शहर को मिलेगी राहत

प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी : उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री

गुरुग्राम, 10 मई। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों और प्रबंधन के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन द्वारा पहले से व्यापक तैयारियां की गई हैं ताकि आमजन को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष गुरुग्राम में 158 जलभराव बिंदु चिन्हित किए गए थे, जिन पर लगातार कार्य किया गया है और इस बार प्रयास है कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। कैबिनेट मंत्री रविवार को गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 में आरडब्ल्यूए द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वह स्वयं लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लेग-1, लेग-2 और लेग-3 की सफाई का कार्य निरंतर जारी है। साथ ही एसपीआर रोड पर नई ड्रेन का निर्माण किया गया है, जिससे घाटा चौक की ओर से पुराने शहर की तरफ आने वाले पानी की निकासी अब सुचारू रूप से हो सकेगी। इससे पुराने गुरुग्राम क्षेत्र में बरसात के समय जलभराव का दबाव काफी हद तक कम होगा।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने आमजन से प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा वर्ष 2013 से पॉलिथीन के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लगातार जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

राव ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते एक्यूआई स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें जनसहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से हर वर्ष पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!