डीएलएसए ने सुशांत विश्वविद्यालय के विधि विद्यार्थियों को कराया जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

न्यायालयों की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों की दी व्यावहारिक जानकारी

गुरुग्राम, 18 नवंबर- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम की ओर से सुशांत विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ के द्वितीय वर्ष के विधि विद्यार्थियों के लिए जिला न्यायालय परिसर गुरुग्राम का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए के अध्यक्ष नरेंद्र सुरा के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को न्यायालयों की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया और विभिन्न न्यायालयों के अधिकार क्षेत्र एवं दायित्वों से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था, ताकि वे किताबी ज्ञान के साथ न्यायिक व्यवस्था के वास्तविक कामकाज को भी समझ सकें।

इस दौरान स्कूल ऑफ लॉ के शिक्षक प्रभारी डॉ. दीपक मिगलानी एवं डॉ. मीनाक्षी दहिया विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटा गया और प्रत्येक समूह के मार्गदर्शन के लिए डीएलएसए के पैनल अधिवक्ता नेहा चौधरी, राहुल सांगवान, हर्षित जैन, दीपिका खन्ना एवं नरेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।

विद्यार्थियों ने पॉक्सो अधिनियम से संबंधित विशेष न्यायालयों, परिवार न्यायालयों, किशोर न्याय बोर्ड, श्रम न्यायालयों और न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें संबंधित न्यायालयों के कार्यक्षेत्र, मामलों की सुनवाई की प्रक्रिया और न्यायिक कार्यवाही में लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पैनल अधिवक्ताओं ने विद्यार्थियों को न्यायालयों के कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझाया और उनके सवालों के जवाब भी दिए। विद्यार्थियों ने न्यायिक संस्थानों के वास्तविक वातावरण में कार्यप्रणाली को समझने में रुचि दिखाई।

डीएलएसए, गुरुग्राम की ओर से विधि विद्यार्थियों को न्यायिक व्यवस्था और विधिक सेवाओं की जानकारी देने के लिए शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय कर इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें