थानेसर की चक्र स्वामी प्रतिमा की खोज और वापसी के लिए विदेश मंत्री को लिखा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने अफगानिस्तान से संवाद का आग्रह किया, सरस्वती तट की प्राचीन धरोहरों से लोगों को परिचित कराने का सुझाव मुख्यमंत्री को दिया

कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर (प्रमोद कौशिक)। हरियाणा सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर थानेसर के प्राचीन चक्र स्वामी मंदिर की कांस्य प्रतिमा का पता लगाने और उसे भारत लाने के प्रयास शुरू करने का आग्रह किया है। बुधवार को कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक विवरण प्रतिमा को थानेसर से गजनी ले जाए जाने का उल्लेख करते हैं। प्रतिमा का वर्तमान ठिकाना जानने के लिए उन्होंने विदेश मंत्रालय से अफगानिस्तान सरकार के साथ बातचीत की मांग की है।

किरमच के अनुसार, सरस्वती के तट पर स्थित चक्र स्वामी मंदिर अपने समय में सोमनाथ के बाद सबसे बड़ा मंदिर था। उन्होंने बताया कि वर्ष 1014 में महमूद गजनवी के थानेसर पर आक्रमण के दौरान मंदिर को लूटा गया और भगवान चक्र स्वामी की प्रतिमा गजनी ले जाई गई। विद्वान अलबरूनी के वृत्तांत का हवाला देते हुए किरमच ने कहा कि कांसे की यह प्रतिमा लगभग मनुष्य के कद की थी और उसे गजनी के घुड़दौड़ के मैदान में रखा गया था।

किरमच ने पत्र में आग्रह किया है कि अफगानिस्तान के संग्रहालयों, पुरातात्विक स्थलों और अन्य संभावित स्थानों से जानकारी जुटाई जाए। कोई प्रतिमा मिलने पर उसकी पहचान के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, इतिहासकारों और विरासत विशेषज्ञों की सहायता ली जाए। उन्होंने कहा कि पहचान की पुष्टि के बाद यदि प्रतिमा को तत्काल भारत लाना संभव न हो तो वहीं उसके संरक्षण और दस्तावेजीकरण की व्यवस्था हो। साथ ही, थानेसर से उसके ऐतिहासिक संबंध को सार्वजनिक मान्यता दिलाई जाए।

किरमच ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर सरस्वती के किनारे स्थित प्राचीन धरोहरों से आमजन को परिचित कराने का सुझाव दिया है। इस दिशा में एक योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने सरस्वती-सिंधु सभ्यता को मेसोपोटामिया और मिस्र की सभ्यताओं से भी प्राचीन बताया। उनके अनुसार, चक्र स्वामी मंदिर का इतिहास इसी प्रयास की एक कड़ी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें