आवारा पशुओं से मुक्त गुरुग्राम बनाने की दिशा में एमसीजी का अभियान तेज, एक दिन में 38 मवेशी पकड़े

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सेक्टर-12 और आसपास के क्षेत्रों में दो टीमों ने चलाया विशेष अभियान

सेक्टर-109 में 17 आवारा कुत्तों को भी पकड़ा, होगा टीकाकरण और बंधीकरण

गुरुग्राम, 18 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को खुले में घूमने वाले मवेशियों से मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान को और तेज कर दिया गया है। इसके साथ ही आवारा कुत्तों के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में भी निगम की टीमें सक्रिय हो गई हैं। आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका निर्धारित प्रक्रिया के तहत टीकाकरण और बंधीकरण कराया जाएगा, ताकि शहर में पशु प्रबंधन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।

बुधवार को खुले में घूमने वाले मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर निगम की दो अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। एक टीम ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई की, जबकि दूसरी टीम ने सेक्टर-12 और आसपास के अंदरूनी क्षेत्रों में अभियान चलाया। दोनों टीमों ने कुल 38 पशुओं को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में पहुंचाया। इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में खुले में घूमने वाले मवेशियों की समस्या को नियंत्रित करना है, ताकि वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी न हो तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

सेक्टर-109 में 17 आवारा कुत्तों को पकड़ा

मवेशियों को पकड़ने के अभियान के साथ-साथ नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सेक्टर-109 और आसपास के क्षेत्रों में डॉग कैचिंग टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 आवारा कुत्तों को पकड़ा। इन कुत्तों का चिकित्सकों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टीकाकरण और बंधीकरण किया जाएगा। इससे आवारा कुत्तों के प्रबंधन को व्यवस्थित करने तथा नागरिकों और पशुओं, दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी।

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा खुले में घूमने वाले मवेशियों को पकड़ने और आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए क्षेत्रवार कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीमें आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में अभियान जारी रखेंगी, ताकि शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि गुरुग्राम को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। खुले में घूमने वाले मवेशियों के कारण आमजन को होने वाली असुविधा और सड़क सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को कम करने के लिए अभियान को लगातार गति दी जा रही है। खुले में घूमने वाले पशुओं को पकड़कर सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए उनका टीकाकरण और बंधीकरण भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और अभियान निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि प्रभावी पशु प्रबंधन, नियमित कार्रवाई और नागरिकों के सहयोग से शहर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें