फील्ड कर्मचारियों को मिलेंगी 3,000 टीएंडपी किट : विक्रम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि, मुख्य अभियंताओं को समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश

गुरुग्राम, 18 नवंबर 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने बिजली लाइनों के संचालन एवं रखरखाव कार्यों में तैनात फील्ड कर्मचारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए 3,000 टीएंडपी (टूल्स एंड प्लांट्स) किट जारी की हैं। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके कार्यों को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाना है।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि बिजली निगम के लिए कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाइन कर्मचारियों को कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निगम के मुख्य अभियंता, मैटेरियल मैनेजमेंट द्वारा 3,000 टीएंडपी किट संबंधित डिवीजनल स्टोरों को आवंटन के अनुसार जारी की गई हैं। इस संबंध में मुख्य अभियंता, ऑपरेशन हिसार जोन एवं दिल्ली जोन को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ फील्ड कार्यालयों को आवश्यकतानुसार संबंधित स्टोरों से किट प्राप्त करवाएं तथा पात्र कर्मचारियों तक इनका समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें।

जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि 3,000 टीएंडपी किट जारी करना फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे लाइन कर्मचारियों को दैनिक कार्यों के दौरान जरूरी उपकरण उपलब्ध होंगे और सुरक्षित ढंग से कार्य करने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन का प्रयास है कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें