*रोडवेज कर्मचारियों और आमजन को टीबी के लक्षणों, बचाव एवं उपचार की दी जानकारी*
*निःशुल्क टीबी स्क्रीनिंग सहित शुगर, बीपी और अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं*

गुरुग्राम, 18 नवंबर- 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को गुरुग्राम बस स्टैंड पर मेगा आयुष्मान आरोग्य शिविर एवं टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों और आमजन को टीबी के लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर का संचालन एएसएमओ डॉ. अरुण सैनी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर पूनम देवी एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) मनीषा देवी के समन्वय से किया गया। हरियाणा रोडवेज के ट्रैफिक मैनेजमेंट ऑफिसर प्रमोद ने आयोजन में आवश्यक सहयोग दिया।
डॉ. अरुण सैनी ने बताया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी रहना, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना और भूख न लगना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। सरकार की ओर से मरीजों को निःशुल्क जांच, दवाइयां एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अलावा मरीजों को मिलने वाली पोषण संबंधी सहायता और अन्य सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
शिविर में टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच के साथ ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और एचआईवी की जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई।
कार्यक्रम के में जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर पूनम देवी ने उपस्थित रोडवेज कर्मचारियों एवं आमजन को टीबी मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। सभी ने टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, मरीजों के साथ भेदभाव न करने और टीबी उन्मूलन के प्रयासों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
जिला टीबी कार्यालय की ओर से आमजन से अपील की गई कि टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच एवं उपचार करवाकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प में सहभागी बनें।








