सभी क्षेत्रों में स्वयं दौरा कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति जांचें अधिकारी, बंद एवं खराब लाइटों को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश
लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के विरुद्ध होगी नियमानुसार कार्रवाई
गुरुग्राम, 18 नवंबर। शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर रोशनी सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण करें और जहां भी लाइटें बंद, खराब या अनुपस्थित हैं, वहां तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था केवल बुनियादी सुविधा ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर की बेहतर व्यवस्था से भी जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है या जहां लगी हुई लाइटें खराब हैं, उनकी पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए।
फील्ड निरीक्षण और त्वरित समाधान पर जोर
डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए। जिन स्थानों पर रोशनी की कमी है, वहां आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात के समय वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में लंबे समय तक लाइट खराब रहने या नई लाइट की आवश्यकता होने पर उसे अनदेखा न किया जाए।
लापरवाही पर अधिकारियों और एजेंसी के विरुद्ध होगी कार्रवाई
निगमायुक्त ने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही और कोताही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधीक्षक अभियंता सचिन यादव को निर्देश दिए कि वे इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करें तथा संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के कार्यों की निगरानी करें।
सुरक्षित और रोशन गुरुग्राम की दिशा में प्रयास
नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि शहर के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था उपलब्ध हो, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम बने। बेहतर रोशनी से नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर सुरक्षा का वातावरण भी मजबूत होगा। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।








