निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इंजीनियरिंग अधिकारियों को दिए निर्देश, सभी बूस्टिंग स्टेशनों की क्लोरिनेशन एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर
स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपलिंग कराने के भी निर्देश
गुरुग्राम, 18 नवंबर। शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने वाटर बूस्टिंग स्टेशनों की व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में पहल की है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने इंजीनियरिंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी वाटर बूस्टिंग स्टेशनों का जल्द से जल्द निरीक्षण करें तथा वहां आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से सभी बूस्टिंग स्टेशनों की क्लोरिनेशन करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बूस्टिंग स्टेशनों में स्वच्छता, साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान जहां भी सुधार की आवश्यकता मिले, वहां संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता की होगी जांच
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शहर के स्कूलों में भी पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पानी के सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने की दिशा में आवश्यक जांच और निगरानी सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में पेयजल के नमूने लेकर उनकी जांच करवाई जाए, ताकि पानी की गुणवत्ता का पता लगाया जा सके और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
निगमायुक्त ने इंजीनियरिंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जलापूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर देखें और बूस्टिंग स्टेशनों के निरीक्षण एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों और विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि जलापूर्ति से संबंधित बुनियादी ढांचे का बेहतर रखरखाव, नियमित निरीक्षण और पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करके शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी वाटर बूस्टिंग स्टेशनों का जल्द निरीक्षण करवाकर उनकी साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। स्कूलों में भी पेयजल के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। संबंधित अधिकारी इन कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।








