“नर सेवा ही नारायण सेवा” के लक्ष्य के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही है बिरादरी की सेवाएं : बोध राज सीकरी

गुरुग्राम, 10 मई। पंजाबी बिरादरी महा संगठन द्वारा डेरावाल भवन, प्रताप नगर में एक भव्य कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष बोध राज सीकरी, प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया एवं वरिष्ठ उप-प्रधान प्रमोद सलूजा की अगुवाई में हुई। बैठक में संगठन ने “नर सेवा नारायण सेवा” के संकल्प को और अधिक व्यापक रूप देने का निर्णय लिया।
बैठक में कोषाध्यक्ष संदीप कुमार ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से पारित किया। वहीं महामंत्री राम लाल ग्रोवर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि संगठन लगातार समाज के असहाय, गरीब और वंचित वर्ग के लिए विभिन्न सामाजिक सेवाओं का संचालन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि बिरादरी द्वारा तीन निशुल्क डिस्पेंसरी संचालित की जा रही हैं। डेरावाल भवन स्थित डिस्पेंसरी का संचालन रवि मिनोचा, गंगा गिरी कुटिया स्थित डिस्पेंसरी का संचालन रमेश कुमार तथा मदनपुरी स्थित हनुमान मंदिर की डिस्पेंसरी का संचालन स्वयं राम लाल ग्रोवर देख रहे हैं। इन तीनों डिस्पेंसरी में प्रतिदिन लगभग 90 से 100 रोगियों का निःशुल्क इलाज किया जाता है। मरीजों को डॉक्टर की सलाह के साथ-साथ मैनकाइंड फार्मा कंपनी द्वारा मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाती हैं।
बैठक में बताया गया कि संगठन की एम्बुलेंस सेवा भी बिना किसी जातिगत भेदभाव के सभी वर्गों को निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। इस सेवा का समन्वय सुभाष गांधी कर रहे हैं। यह एम्बुलेंस दिनेश नागपाल परिवार द्वारा भेंट की गई थी, जबकि इसके पेट्रोल, डीजल और रखरखाव का खर्च डॉक्टर परमेश्वर अरोड़ा वहन कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त संगठन ने श्मशान घाट के लिए भी एक शव वाहन उपलब्ध करवाया है, जिससे गरीब परिवारों को निःशुल्क सुविधा मिल रही है। इस सेवा का संचालन अनिल कुमार द्वारा किया जा रहा है तथा यह सेवा खरबंदा परिवार के सहयोग से प्रारंभ की गई थी।
बैठक में जानकारी दी गई कि संगठन गौशाला सेवा, गरीब विद्यार्थियों की शिक्षा, त्यौहारों के आयोजन, पौधारोपण, भंडारे, सर्दियों में स्वेटर एवं कंबल वितरण जैसे अनेक सामाजिक कार्य नियमित रूप से कर रहा है। संक्रांति पर्व पर सभी आर्य समाज मंदिरों को केंद्रीय सभा के माध्यम से घी एवं सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है, जबकि निर्जला एकादशी पर सनातन धर्म मंदिरों में भेंह-आलू सेवा दी जाती है।
संगठन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि लोहड़ी पर्व पर प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान को आमंत्रित कर भव्य आयोजन किया गया था, जिसमें दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर ब्लिस बैंक्वेट के चेयरमैन संजीव कुमार ने बैंक्वेट एवं भोजन प्रसाद की सेवा प्रदान की।
बैठक में यह भी बताया गया कि जी.ए.वी. इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-7 में प्रतिदिन योग कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका संचालन राजपाल आहुजा कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रतिवर्ष विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें हजारों साधक भाग लेते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संगठन अब तक 24 स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित कर चुका है। वहीं न्यू रेलवे रोड स्थित कार्यालय से मैट्रिमोनियल सेवा भी निरंतर संचालित की जा रही है।
नई योजनाओं की घोषणा
बैठक में संगठन ने कई नई सामाजिक योजनाओं की घोषणा भी की। जून माह में सेक्टर-7 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में एक नई डिस्पेंसरी प्रारंभ की जाएगी। इसी मंदिर में एक नई एम्बुलेंस भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जो सभी वर्गों के लिए निःशुल्क रहेगी।
इसके साथ ही संगठन ने पूर्णतः निशुल्क स्कूल शुरू करने का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जहां पढ़ाई, यूनिफॉर्म और किताबें पूरी तरह मुफ्त होंगी। अगले दो माह में इस परियोजना को प्रारंभ करने की योजना है। इस प्रोजेक्ट का समन्वय सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हेमंत मोंगिया करेंगे, जबकि उनका सहयोग ऊष्मा सचदेव करेंगी। इस विद्यालय से लगभग 100 से 150 विद्यार्थियों को लाभ मिलने की संभावना है। इस सेवा कार्य में सीकरी परिवार, कथूरिया परिवार, सलूजा परिवार और नंद गाबा परिवार सहयोग करेंगे।
बैठक में संगठन की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म शीघ्र शुरू करने की भी घोषणा की गई, ताकि सामाजिक गतिविधियों की जानकारी लोगों तक नियमित रूप से पहुंचाई जा सके। इसका समन्वय उमेश ग्रोवर और विनोद वर्मा करेंगे।
संगठन ने यह भी निर्णय लिया कि प्रत्येक तीन माह में एक स्वास्थ्य शिविर अवश्य आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है।
बैठक में श्रीमती उपासना, श्रीमती रचना, डॉ. अल्का शर्मा, शालू वर्मा, वीना, दीपिका खन्ना, कन्हैया लाल आर्य, अशोक आर्य, संजीव कुमार, रमेश कालरा, दिलीप लूथरा, हरीश चावला, सुभाष नागपाल, सुरिंदर खुल्लर, मनीष खुल्लर, संदीप कुमार, भारत भूषण आर्य, उमेश ग्रोवर, विनोद वर्मा, राजेंद्र बजाज, पुष्पा नासा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में कुल 101 सदस्यों ने भाग लिया।









