नियमित योग, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या से मोटापा नियंत्रण का संदेश

हिसार। भारतीय योग संस्थान, हिसार इकाई के तत्वावधान में ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित रॉक गार्डन पार्क में पाँच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए एक नए योग केंद्र की भी विधिवत शुरुआत की गई, जिससे लोगों को नियमित योगाभ्यास का लाभ मिल सकेगा।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए इकाई के प्रधान सुरेश जांगड़ा ने कहा कि मोटापा आज एक गंभीर और तेजी से बढ़ती समस्या बन चुका है, जो हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और जोड़ों के दर्द जैसी अनेक बीमारियों को जन्म देता है। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
पाँचों दिनों में मंच संचालन करते हुए जॉन प्रधान डॉ. राम प्रताप ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म क्रियाओं के साथ ताड़ासन, त्रियक ताड़ासन, कटि चक्रासन, त्रिकोणासन, अर्ध उष्ट्रासन, सर्पासन, पदचक्रासन, शवासन और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। वहीं सुरेश जांगड़ा ने गहरी श्वास, अग्निसार, उज्जायी और कपालभाति प्राणायाम का नियमित अभ्यास करवाया।
डॉ. पुष्पा खरब और अन्य प्रशिक्षकों ने भी योगाभ्यास करवाते हुए प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। डॉ. जे. के. डांग ने ध्यान और साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित ध्यान से स्मरण शक्ति बढ़ती है और मानसिक तनाव व उच्च रक्तचाप से राहत मिलती है।
डॉ. राम प्रताप ने अपने संबोधन में कहा कि मोटापा केवल शारीरिक समस्या नहीं, बल्कि जीवनशैली से जुड़ी चुनौती है, जिसे योग, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रकाशित योग संबंधी पुस्तकों की जानकारी भी दी।
डॉ. पुष्पा खरब ने बताया कि संस्थान पिछले 60 वर्षों से निःशुल्क योग सेवा प्रदान कर रहा है और देश-विदेश में लगभग 4,500 केंद्र संचालित कर रहा है। उन्होंने संतुलित आहार की महत्ता बताते हुए कहा कि मोटापा नियंत्रण के लिए प्रतिदिन लगभग 500 कैलोरी कम लेना और नियमित एक घंटे योग करना जरूरी है।
शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातः दो घंटे योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन अवसर पर सुरेश जांगड़ा ने बताया कि नए योग केंद्र में प्रशिक्षित शिक्षकों के मार्गदर्शन में नियमित योगाभ्यास जारी रहेगा। शांति पाठ और प्रार्थना के साथ शिविर का सफल समापन हुआ।









