निकाय चुनावों में सीएम की सक्रियता पर उठे सवाल, महिला सशक्तिकरण और चुनावी निष्पक्षता को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना

रेवाड़ी, 6 मई 2026। हरियाणा अनुसूचित जाति कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता वर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहरी निकाय चुनावों में उनका सक्रिय प्रचार करना उनकी लोकप्रियता नहीं, बल्कि राजनीतिक कमजोरी और हार के डर को दर्शाता है।
रेवाड़ी नगर परिषद चेयरमैन पद की कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वर्मा ने कहा कि “एक मुख्यमंत्री का पार्षद स्तर के चुनावों में उतरकर वोट मांगना उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर आधारित होते हैं, ऐसे में सीएम का खुद मैदान में उतरना उनके भीतर बैठे हार के भय को उजागर करता है।”

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि शहरों में फैली गंदगी, भ्रष्टाचार और अतिक्रमण सरकार की नीतियों की विफलता को उजागर कर रहे हैं। “भाजपा ‘ट्रिपल इंजन’ की बात करती है, लेकिन जनता पूछ रही है कि पहले भी यही सरकार थी तो समस्याएं क्यों जस की तस हैं?”
वर्मा ने भाजपा की चुनावी जीत पर सवाल उठाते हुए कहा कि “भाजपा इसे मैनेजमेंट की जीत बताती है, लेकिन असल में यह ‘वोट चोरी’ की जादूगरी है। जनता का समर्थन इनके साथ नहीं है, फिर भी ये सत्ता में बने रहते हैं, जो चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।”

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि “भाजपा महिला हितैषी होने का केवल दिखावा करती है, जबकि कांग्रेस ने निकाय चुनावों में 80 प्रतिशत तक महिलाओं को भागीदारी देकर वास्तविक सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाया है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सभी भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं।
कांग्रेस के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए वर्मा ने कहा कि यह दस्तावेज शहरों के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और आम जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान की गारंटी देता है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा के उम्मीदवार जनता की समस्याओं से दूर हैं और केवल अपने शीर्ष नेतृत्व को खुश करने में लगे हुए हैं,” तथा मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।









