मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की निःशुल्क यात्रा के लिए 10 मई तक पंजीकरण का अवसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सिरसा से श्री हजूर साहिब नांदेड़ वाया गुरुग्राम विशेष रेलगाड़ी 15 मई को होगी रवाना*

गुरुग्राम, 6 मई। गुरुग्राम जिला के उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक और पारिवारिक आय एक लाख 80 हजार से कम है। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत ऐसे पात्र वरिष्ठ नागरिक सरल पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा कर आगामी 15 मई को

तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए जाने वाली रेलगाड़ी में निःशुल्क यात्रा कर सकते हैं। यह विशेष रेलगाड़ी आगामी 15 मई को सिरसा से चलकर गुरुग्राम होते हुए नांदेड़ के लिए चलेगी।

डीसी उत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए पंजीकरण अवधि को 10 मई तक बढ़ाया गया है। गुरुग्राम जिले के श्रद्धालु स्थानीय रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी में सवार होकर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए रवाना होंगे।

उन्होंने बताया कि 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी पारिवारिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए से कम है, वे इस योजना के तहत निःशुल्क यात्रा कर सकते हैं। इस योजना में पंजीकरण करने वाले श्रद्धालु अपने पति या पत्नी को भी अपने साथ ले जा सकते है। पात्र व्यक्ति सरल हरियाणा पोर्टल या नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

*योजना का लाभ उठाने के लिए यह होगी पात्रता*

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि आवेदन के लिए वैध फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने की घोषणा आवश्यक है। आवेदक का हरियाणा का निवासी होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक एक सहायक को पूर्ण भुगतान पर साथ ले जा सकते हैं। वहीं योजना के अनुसार, कोई भी व्यक्ति हर तीन वर्षों में केवल एक बार ही इस सुविधा का लाभ ले सकता है।

डीसी ने बताया कि इस योजना के तहत यात्रियों के ठहरने, खाने और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी।

*पंजीकरण के बाद डीआईपीआरओ कार्यालय में सूचना देना जरूरी*

डीसी ने बताया कि पंजीकरण के उपरांत श्रद्धालु लघु सचिवालय के छठे तल पर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में भी अपनी सूचना अवश्य दें, ताकि जिले से जाने वाले श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड तैयार कर रेलवे को भेजा जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!