अधिवक्ता मिंदरजीत यादव का हाईकोर्ट जज बनना अहीरवाल के लिए ऐतिहासिक गौरव: विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

यादव समाज से पहली बार सीधा हाईकोर्ट जज बनने पर जताई खुशी, गुरुग्राम में हाईकोर्ट बेंच की मांग को भी बताया जरूरी

रेवाड़ी, 06 मई 2026: स्वयंसेवी संस्था ‘ग्रामीण भारत’ के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने रेवाड़ी जिले के जोनियावास गांव में जन्मे और वर्तमान में कुतुबपुर (रेवाड़ी) निवासी अधिवक्ता मिंदरजीत यादव को सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम द्वारा पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का जज नियुक्त किए जाने पर स्वागत व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अहीरवाल क्षेत्र और पिछड़े वर्ग के लिए गौरव का ऐतिहासिक पल बताया।

विद्रोही ने कहा कि पंजाब-हरियाणा के न्यायिक इतिहास में यह पहला अवसर है जब यादव समाज का कोई अधिवक्ता सीधे हाईकोर्ट का जज बना है। उन्होंने बताया कि हरियाणा की अन्य प्रमुख कृषक जातियों से जुड़े अधिवक्ता पहले ही हाईकोर्ट जज बन चुके हैं, लेकिन राज्य गठन के लगभग 60 वर्ष बाद अहीरवाल क्षेत्र से संबंधित यादव समुदाय के किसी वकील को यह अवसर मिला है।

उन्होंने एडवोकेट मिंदरजीत यादव और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास जताया कि कृषक एवं सैनिक परिवार से आने वाले यादव एक जज के रूप में संविधान के अनुरूप पिछड़े, दलित, शोषित, वंचित और गरीब वर्ग के साथ-साथ किसान-मजदूरों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विद्रोही ने यह भी कहा कि मिंदरजीत यादव की नियुक्ति से अहीरवाल क्षेत्र के अन्य प्रतिभाशाली अधिवक्ताओं को भी सीधे हाईकोर्ट जज बनने की प्रेरणा मिलेगी और वे इस दिशा में और अधिक समर्पण के साथ प्रयास करेंगे।

साथ ही उन्होंने लंबे समय से चली आ रही मांग को दोहराते हुए कहा कि अहीरवाल और दक्षिण हरियाणा क्षेत्र के लोगों को सुलभ न्याय दिलाने के लिए गुरुग्राम में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की बेंच स्थापित होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जस्टिस मिंदरजीत यादव अपने कार्यकाल के दौरान इस मांग की प्रभावी पैरवी करेंगे और क्षेत्र की इस जायज मांग को पूरा कराने में योगदान देंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!