अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी का किया विरोध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उषा सरोहा बोलीं—व्यावसायिक व 5 किलो सिलेंडर महंगे होने से आम जनता और छोटे कारोबार पर दोहरी मार

गुरुग्राम, 2 मई 2026। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। समिति की राज्य महासचिव उषा सरोहा ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों और 5 किलो के सिलेंडरों की कीमतों में हुई भारी वृद्धि की तीखी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये की अभूतपूर्व बढ़ोतरी का सीधा असर बाजार और उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। छोटे व्यापारियों और प्रतिष्ठानों के लिए यह अतिरिक्त बोझ झेलना मुश्किल होगा, जिसके चलते वे कीमतें बढ़ाने को मजबूर होंगे। इससे आम लोगों पर महंगाई की दोहरी मार पड़ेगी और कई छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच सकते हैं।

उषा सरोहा ने बताया कि जहां 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल राहत दी गई है, वहीं 5 किलो के गैर-सब्सिडी सिलेंडर में 261 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। इसका सबसे अधिक असर छोटे परिवारों और प्रवासी मजदूरों पर पड़ेगा, जो आर्थिक मजबूरी के चलते छोटे सिलेंडरों का इस्तेमाल करते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला आम जनता के लिए और मुश्किलें खड़ी करेगा। गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण हजारों प्रवासी मजदूर पहले ही शहर छोड़ने को मजबूर हुए हैं, और अब यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।

समिति ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों में केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक सिलेंडरों की कीमतों में दूसरी बार इतनी बड़ी वृद्धि की गई है। सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि यदि सिलेंडरों पर लगने वाले करों में कटौती की जाती, तो आम जनता को राहत मिल सकती थी।

अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने इस मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए राज्यभर में विरोध प्रदर्शन तेज करने का आह्वान किया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!