मानेसर में पहले मॉडल रोड का शिलान्यास, 6 महीने में होगा तैयार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— 3.66 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा आधुनिक मार्ग

मानेसर, 1 मई। नगर निगम मानेसर की ओर से शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। वार्ड-19 में मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने पहले मॉडल रोड का शिलान्यास किया। जयसिंह चौक से स्वास्तिक स्टोर तक करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 3 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे 6 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस मॉडल रोड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर पक्के नाले और चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान होगा और पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। पूरे मार्ग पर हरियाली विकसित की जाएगी तथा आकर्षक फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। फुटपाथ पर जगह-जगह बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी।

सड़क की विशेषता यह होगी कि पूरे स्ट्रेच में कहीं भी अनावश्यक कट नहीं होंगे, जिससे यातायात सुगम रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे अपराध पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पार्षद रवि यादव सहित नगर निगम के एक्सईएन मंदीप धनखड़, एसडीओ अनिल मलिक और अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मेयर ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस मौके पर मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह पहला मॉडल रोड वार्ड-19 को आधुनिक पहचान देगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें