नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं ग्रामीण : एडीसी
विभागीय स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के प्रति किया जागरूक

गुरुग्राम, 01 मई। अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ हरियाणा सरकार द्वारा नागरिकों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तय समय मे मिलें व उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निवारण किया जा सके, इन्हीं उद्देश्य के साथ वीरवार को गुरुग्राम में फर्रूखनगर ब्लॉक के गांव सुल्तानपुर में जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया।
जिसमें एडीसी सोनू भट्ट ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया।
गांव में पहुंचने पर एडीसी सोनू भट्ट का ग्रामीणों ने पगड़ी व फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
*नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं ग्रामीण : एडीसी

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल शुरू किए गए हैं, जिनमें सीएम विंडो और जन संवाद जैसे मंच प्रमुख हैं। इन माध्यमों के जरिए नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं और उनका निर्धारित अवधि में निपटान सुनिश्चित किया जाता है। इसके साथ ही समाधान शिविरों के माध्यम से भी गांव स्तर पर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद और वंचित लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक रहना चाहिए और संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। एडीसी ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश सरकारी योजनाएं परिवार पहचान पत्र से जुड़ी हुई हैं, जिससे पात्रता के आधार पर लाभ स्वतः सुनिश्चित हो रहा है।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि सरकार द्वारा अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और भ्रष्टाचार की संभावना समाप्त हो। सरकार का लक्ष्य है कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न होने दें और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान एडीसी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, नगर पालिका फर्रूखनगर के चेयरमैन बीरबल सैनी, डीडीपीओ नवनीत कौर, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीडी एग्रीकल्चर अनिल तंवर, एक्सईन पंचायती राज अजय शर्मा, सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।








