रात में सड़कों पर उतरे निगमायुक्त प्रदीप दहिया, मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों का किया औचक निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गुरुग्राम, 1 मई। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से देर रात औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे शहर की प्रमुख सड़कों पर चल रही मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव भी मौजूद रहे।

निगमायुक्त ने अतुल कटारिया चौक, शीतला माता रोड, बस स्टैंड, सदर बाजार, झाड़सा रोड, ओल्ड रेलवे रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित वरिष्ठ सफाई निरीक्षकों व सफाई निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे स्वयं भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे, जबकि अतिरिक्त निगमायुक्त एवं संयुक्त आयुक्त नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा करेंगे। साथ ही उन्होंने निगम पार्षदों से भी आह्वान किया कि वे रात के समय सफाई मशीनों की कार्यप्रणाली की निगरानी करें, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि बेहतर सफाई व्यवस्था नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का प्रतिदिन निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि मुख्य सड़कों से गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट पूरी तरह हटाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण और मलबा हटाकर उन्हें स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया जाए।

इसके अतिरिक्त, सभी अंडरपास को साफ-सुथरा रखने, अवैध पोस्टर व बैनर हटाने और शहर की सौंदर्यता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी वेंडर्स के पास डस्टबिन होना अनिवार्य है। यदि कोई वेंडर डस्टबिन नहीं रखता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम गुरुग्राम शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!