पुलिस मानसिक स्वास्थ्य पर शोध को राष्ट्रीय पहचान, कलश शर्मा का गुरुग्राम में भव्य सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तनावग्रस्त पुलिस बल के लिए नई दिशा—कमिश्नर विकास अरोड़ा ने सराहा शोध कार्य

गुरुग्राम। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार की पीएचडी शोधार्थी कलश शर्मा को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए गुरुग्राम में आयोजित एक भव्य समारोह में नागरिक अभिनंदन से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा द्वारा प्रदान किया गया।

कलश शर्मा, वरिष्ठ श्रम कानून सलाहकार एडवोकेट आर.एल. शर्मा की सुपुत्री हैं और उन्होंने अपने शोध के माध्यम से न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी एक महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। हाल ही में उन्हें सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, महेंद्रगढ़ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “वर्कप्लेस डायनेमिक्स: इंडीविजुअल्स एंड ऑर्गेनाइजेशन” के दौरान “श्रीमती प्रतिभा सिंह स्मृति सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार” से सम्मानित किया गया था।

उनका शोध हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, कार्यस्थल तनाव, संज्ञानात्मक दबाव तथा “मोरल इंजरी” जैसे संवेदनशील और जटिल विषयों पर केंद्रित है, जो वर्तमान समय में पुलिस व्यवस्था के लिए अत्यंत प्रासंगिक माने जा रहे हैं।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, जहां उन्हें प्रतिदिन मानसिक दबाव और कठिन परिस्थितियों से जूझना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार का शोध न केवल समय की मांग है, बल्कि यह पुलिस विभाग को अपने कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य सुधार के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की दिशा भी दिखाता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस शोध के निष्कर्ष भविष्य में पुलिस प्रशिक्षण, कार्यप्रणाली और नीति निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे, जिससे पुलिस बल को अधिक संतुलित और तनावमुक्त कार्य वातावरण मिल सकेगा।

कार्यक्रम में डीसीपी वेस्ट करण गोयल, डीसीपी मानेसर प्रबीना, एसीपी उद्योग विहार कुलदीप सिंह, एसीपी मानेसर, अतिरिक्त श्रमायुक्त एनसीआर गुरुग्राम कुशल कटारिया, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, मनोज कुमार, श्रम कल्याण अधिकारी नरेंद्र शर्मा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

औद्योगिक जगत से चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक कोहली, उद्योग विहार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिमेष सक्सेना, हरियाणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन कपूर, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महासचिव एस.के. आहूजा, सीआईआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद बापना, आईएमटी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के महासचिव मनोज त्यागी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने कलश शर्मा की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने इस सम्मान समारोह को एक गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!