उद्घाटन की राजनीति पर घिरे सीएम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंकज डावर का आरोप—जो शुरू नहीं हुआ उसका उद्घाटन पहले, जो चल रहा उसका अब फीता काटा; गुरुग्राम में विकास पर उठे सवाल

गुरुग्राम। शहर में विकास कार्यों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि “सरकार की कार्यशैली अब सवालों के घेरे में है—जहां काम नहीं हुआ उसका उद्घाटन हो चुका है, और जो पहले से चल रहा है, उसका अब फीता काटा जा रहा है।”

डावर ने उदाहरण देते हुए कहा कि सदर बाजार की मल्टीलेवल पार्किंग, जिसका उद्घाटन दिसंबर 2025 में किया गया था, आज तक आम जनता के लिए शुरू नहीं हो पाई है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यह परियोजना महज “शोपीस” बनकर खड़ी है।

वहीं दूसरी ओर, सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर एंड साउंड शो पिछले छह महीनों से लगातार संचालित हो रहा है, लेकिन हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा उसका औपचारिक उद्घाटन किया गया। “यह जनता के साथ मज़ाक नहीं तो और क्या है?” — डावर ने सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यकरण किए गए इस पार्क में सुविधाएं पहले से चालू थीं, फिर भी उद्घाटन का आयोजन कर सरकार केवल “प्रचार” बटोरने में लगी है।

डावर ने आरोप लगाया कि सरकार छोटे-छोटे कार्यों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में जनता की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा, “सरकार की कथनी और करनी में दिन-रात का अंतर साफ नजर आता है।”

गुरुग्राम के लिए अलग प्राधिकरण की मांग

डावर ने सुझाव दिया कि गुरुग्राम के समग्र विकास के लिए एक स्वतंत्र स्थानीय बॉडी का गठन किया जाना चाहिए, जिसमें आम समाज के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए, न कि केवल सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों को। यह बॉडी सीधे जनता की समस्याओं को समझकर सरकार को रिपोर्ट दे और उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

फुटपाथ तक नहीं, अवैध कब्जों की भरमार

उन्होंने शहर की बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गुरुग्राम में पैदल चलने वालों के लिए ढंग के फुटपाथ तक नहीं हैं। जो फुटपाथ बने हैं, वे भी टूटे-फूटे हैं या उन पर राजनीतिक और निजी संस्थानों के बोर्ड लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया है।

डावर ने मांग की कि ऐसे अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए और जवाबदेही तय की जाए, ताकि विकास के दावों का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके।

“विकास नहीं, सिर्फ दिखावा”

अपने बयान के अंत में डावर ने कहा कि गुरुग्राम में विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि सुविधाएं अधूरी हैं और परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो रहीं। “यह विकास नहीं, सिर्फ दिखावा है,” उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!